होम = Breaking = दिल्ली में भीषण आग का कहर: झुग्गियों में सो रहे 3 लोग जिंदा जले

दिल्ली में भीषण आग का कहर: झुग्गियों में सो रहे 3 लोग जिंदा जले

by | Apr 15, 2026 | Breaking, Cover Story Global

Delhi Massive Fire Breaks out in slums: दिल्ली के रोहिणी इलाके के मांगेराम राम पार्क में देर रात एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लग गई। मंगलवार रात करीब 1:30 बजे दमकल विभाग को सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन गोदाम में रखे प्लास्टिक सामान के कारण आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते लपटें आसपास की झुग्गियों तक फैल गईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई और हालात गंभीर हो गए।

गहरी नींद में सो रहा था परिवार

झुग्गियों में उस वक्त लोग गहरी नींद में सो रहे थे, जिससे उन्हें संभलने या बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। इस दर्दनाक हादसे में एक पुरुष, एक महिला और करीब दो साल के मासूम बच्चे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तीनों की जान आग में बुरी तरह झुलसने से गई। मृतक परिवार कबाड़ बीनकर अपना गुजारा करता था और उसी झुग्गी में रह रहा था, जो आग की चपेट में आ गई।

7 गाड़ियों ने सुबह 4 बजे पाया आग पर काबू

घटना की गंभीरता को देखते हुए दमकल विभाग की कुल सात गाड़ियों को आग बुझाने के लिए लगाया गया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद करीब सुबह 4 बजे आग पर काबू पा लिया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था और कई झुग्गियां जलकर खाक हो गई थीं।