Colombia Terror Attack: कोलंबिया के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में हिंसा ने एक बार फिर गंभीर रूप ले लिया है। शनिवार को एक यात्री बस में हुए भीषण विस्फोट में 13 लोगों की जान चली गई, जबकि 38 से अधिक लोग घायल हो गए। सेना ने इस घटना को स्पष्ट तौर पर आतंकी हमला बताया है।
जानकारी के मुताबिक यह धमाका काउका क्षेत्र के काजिबियो इलाके में पैनअमेरिकन हाईवे पर हुआ, जहां यात्रियों से भरी बस को निशाना बनाया गया। स्थानीय प्रशासन ने बताया कि सड़क पर पहले से विस्फोटक लगाया गया था, जो बस के गुजरते ही सक्रिय कर दिया गया। घायलों में कई बच्चों के भी शामिल होने की पुष्टि हुई है।
हमले के पीछे किसका हाथ?
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार कई घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। सेना प्रमुख जनरल ह्यूगो लोपेज ने इस हमले के पीछे ‘इवान मोर्दिस्को’ नेटवर्क और जैमे मार्टिनेज गुट का हाथ बताया है। ये गुट पूर्व FARC संगठन से जुड़े माने जाते हैं और 2016 के शांति समझौते को स्वीकार नहीं करते।
लगातार बढ़ रही हिंसा
राष्ट्रपति गुस्तावो पेट्रो ने इस हमले की कड़ी आलोचना करते हुए दोषियों को आतंकवादी और ड्रग तस्कर करार दिया है। उन्होंने सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
दरअसल, यह हमला किसी एक घटना तक सीमित नहीं है। पिछले दो दिनों में इस इलाके में 26 से ज्यादा हिंसक घटनाएं सामने आ चुकी हैं। इनमें पुलिस थानों पर हमले, एयर ट्रैफिक सिस्टम को निशाना बनाना और विस्फोटकों से लैस ड्रोन का इस्तेमाल शामिल है।
ड्रग तस्करी बनी हिंसा की जड़
विशेषज्ञों के अनुसार काउका और वाये डेल काउका क्षेत्र ड्रग तस्करी के प्रमुख मार्ग हैं, जहां से अवैध पदार्थों को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाया जाता है। इसी पर कब्जे को लेकर विभिन्न हथियारबंद गुटों के बीच संघर्ष जारी है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रक्षा मंत्री पेद्रो सांचेज की अगुवाई में उच्चस्तरीय बैठक बुलाई गई है। सरकार ने हमले के मुख्य आरोपी ‘मार्लोन’ की गिरफ्तारी के लिए 10 लाख डॉलर से अधिक का इनाम घोषित किया है और कहा है कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ये भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़ती गर्मी पर सख्त एक्शन, जानिए रेखा सरकार का हीटवेव प्लान

