Delhi CM Rekha Gupta: राजधानी में बढ़ती गर्मी को देखते हुए दिल्ली सरकार ने तैयारियां तेज कर दी हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार को ‘हीट वेव एक्शन प्लान 2026’ की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को साफ निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं जमीन पर नजर आनी चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
सीएम ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान आम लोगों, खासकर बच्चों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए अस्पतालों में पर्याप्त बेड, एम्बुलेंस में हीटवेव से निपटने की सुविधाएं और व्यापक जन-जागरूकता अभियान तुरंत शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही स्कूलों में ‘वॉटर बेल’ सिस्टम लागू करने, सार्वजनिक स्थानों पर स्वच्छ पेयजल और ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
सरकार ने कंस्ट्रक्शन साइट, अस्पताल, स्कूल, पुलिस स्टेशन, पोस्ट ऑफिस और बस स्टैंड जैसे स्थानों पर पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने पर जोर दिया है। इसके अलावा वॉटर कूलर, टैंकर और वॉटर एटीएम को लगातार चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूलों को 2 मई तक देनी होगी रिपोर्ट
सीएम ने बताया कि सभी स्कूलों को 2 मई तक हीट वेव एक्शन प्लान के तहत अपनी अनुपालन रिपोर्ट शिक्षा निदेशालय को सौंपनी होगी। अभिभावकों से भी अपील की गई है कि वे बच्चों की सुरक्षा को लेकर जारी निर्देशों का पालन सुनिश्चित करें।
बच्चों और पशु-पक्षियों के लिए खास इंतजाम
सरकार ने बच्चों के साथ-साथ पशु-पक्षियों के लिए भी छाया और पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। सीएम ने कहा कि जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं।
हर स्कूल में नोडल अधिकारी की तैनाती
सीएम रेखा गुप्ता ने बताया कि हर स्कूल में एक नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाएगा, जो दिशा-निर्देशों के पालन की निगरानी करेगा। स्कूलों को निर्देश दिए गए हैं कि हर 45 से 60 मिनट में वॉटर बेल बजाई जाए, ताकि बच्चे नियमित रूप से पानी पी सकें। इसके साथ ही बच्चों को धूप में न रखने और आउटडोर गतिविधियों से बचाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।
ये भी पढ़ें: Rashifal 26 April 2026: इन राशियों पर बरसेगा धन, कुछ को रहना होगा सावधान; जानिए अपना भविष्यफल

