होम = Breaking = भिंड में भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत

भिंड में भीषण सड़क हादसा, बस की टक्कर से तीन युवकों की मौत

Madhya Pradesh Accident: मध्य प्रदेश के भिंड जिले में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बस और मोटरसाइकिल की टक्कर में तीन युवकों की जान चली गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार हादसा उमरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे-552 पर दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार बस ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

बस के नीचे फंसी बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद मोटरसाइकिल बस के नीचे फंस गई, लेकिन इसके बावजूद चालक ने वाहन नहीं रोका और बाइक को करीब पांच किलोमीटर तक घसीटता रहा। पीछे चल रहे लोगों ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन वह रफ्तार बढ़ाकर आगे बढ़ता गया।

घटना से मची अफरा-तफरी

इस खौफनाक मंजर से बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई। कई लोग डर के कारण रास्ते में ही उतरने लगे। उमरी कस्बे के पास पहुंचते-पहुंचते चालक बस छोड़कर फरार हो गया।

इलाज में देरी से बढ़ी परेशानी

हादसे के बाद घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। इलाज के दौरान एक और युवक ने दम तोड़ दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल चौथे युवक को समय पर एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण करीब एक घंटे तक इंतजार करना पड़ा।

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतकों और घायल की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। साथ ही फरार बस चालक की तलाश भी तेज कर दी गई है।

ये भी पढ़ें: कोलंबिया में नहीं थम रही हिंसा, चलती बस को बनाया निशाना; कई लोगों की गई जान