होम = Breaking = रोहतक में प्रदर्शन के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और SP में तीखी बहस, VIDEO वायरल

रोहतक में प्रदर्शन के दौरान विधायक अर्जुन चौटाला और SP में तीखी बहस, VIDEO वायरल

Rohtak Protest: हरियाणा की राजनीति में उस समय नया विवाद खड़ा हो गया जब इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के विधायक अर्जुन सिंह चौटाला पर रोहतक के डीसी और एसपी के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल करने के आरोप लगे। बताया जा रहा है कि एक प्रदर्शन के दौरान उनकी पुलिस अधिकारियों से तीखी नोकझोंक हुई, जिसका वीडियो भी चर्चा में है। हालांकि चौटाला ने पूरे मामले पर सफाई देते हुए कहा कि उनकी किसी से कोई निजी दुश्मनी नहीं है और जैसा व्यवहार उनके साथ किया जाएगा, वैसा ही जवाब दिया जाएगा।

प्रदर्शन के दौरान डीसी-एसपी से हुई तीखी नोकझोंक

सोमवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने अपनी मांगों को लेकर रोहतक में प्रदर्शन किया। पार्टी कार्यकर्ता लघु सचिवालय पहुंचे और डीसी को ज्ञापन सौंपने की मांग करते रहे, लेकिन काफी देर तक डीसी के मौके पर नहीं पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने वहीं धरना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस ने लघु सचिवालय के गेट बंद कर दिए, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। बताया जाता है कि इसी बात को लेकर विधायक अर्जुन सिंह चौटाला और पुलिस अधिकारियों के बीच करीब 15 मिनट तक तीखी बहस हुई। बाद में डीसी सचिन गुप्ता और एसपी गौरव राजपुरोहित मौके पर पहुंचे। आरोप है कि एसपी द्वारा समझाने की कोशिश के दौरान विधायक और उनके बीच कहासुनी हो गई, जिसमें अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी हुआ। इसके बाद विधायक ने डीसी को ज्ञापन सौंपते हुए भी नाराजगी जाहिर की।

हरियाणा के कई जिलों में इनेलो का प्रदर्शन

महंगाई, पेट्रोल-डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों के विरोध में इनेलो ने सोनीपत, कैथल और कुरुक्षेत्र में प्रदर्शन किया। सोनीपत में कार्यकर्ताओं ने मिनी सचिवालय पहुंचकर विरोध जताया, जहां पुलिस से उनकी नोकझोंक भी हुई। कैथल में इनेलो नेताओं और कार्यकर्ताओं ने मटके फोड़कर सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया, जबकि कुरुक्षेत्र में पार्टी कार्यकर्ताओं ने डीसी के माध्यम से प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान इनेलो नेताओं ने सरकार पर महंगाई, किसानों की अनदेखी और खराब कानून व्यवस्था के आरोप लगाए।