अमरनाथ यात्रा शुरू होने से पहले पवित्र गुफा से बाबा बर्फानी के दर्शन की पहली तस्वीरें सामने आई हैं। बर्फ से बने शिवलिंग ने इस बार करीब 6 से 7 फीट का आकार ले लिया है, जिसे भक्तों के लिए आस्था का बड़ा संकेत माना जा रहा है। सुरक्षा के लिहाज से तैनात जवानों ने सबसे पहले बाबा बर्फानी के दर्शन किए। इस साल अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई 2026 से शुरू होकर 9 अगस्त 2026 तक चलेगी।
साढ़े तीन लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने कराया है रजिस्ट्रेशन
इस साल की अमरनाथ यात्रा के लिए अब तक 3.6 लाख से अधिक श्रद्धालु रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर अभी भी 10 से 12 फीट तक बर्फ जमी हुई है, लेकिन बीआरओ दोनों रूट्स को तेजी से साफ और तैयार करने में जुटा है। अधिकारियों के अनुसार, 15 जून तक दोनों मार्ग पूरी तरह यात्रा के लिए तैयार कर दिए जाएंगे। यात्रा 3 जुलाई से बालटाल-सोनमर्ग और पारंपरिक नुनवान-पहलगाम रूट से शुरू होगी और 28 अगस्त को रक्षा बंधन व सावन पूर्णिमा के दिन संपन्न होगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया 15 अप्रैल से शुरू की गई थी।
5 से 30 लोगों के ग्रुप के लिए रजिस्ट्रेशन बंद
5 से 30 लोगों के ग्रुप में यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रजिस्ट्रेशन बुधवार को बंद कर दिए गए हैं। हालांकि, अकेले या छोटे ग्रुप में जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए स्लॉट उपलब्ध रहने तक पंजीकरण प्रक्रिया जारी रहेगी। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पंजाब नेशनल बैंक, जम्मू-कश्मीर बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और यस बैंक की निर्धारित शाखाओं के माध्यम से की जा रही है। अधिकारियों का अनुमान है कि इस साल श्रद्धालुओं की संख्या 5 लाख के पार जा सकती है। वर्ष 2025 में 4.14 लाख और 2024 में 5.10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अमरनाथ यात्रा में दर्शन किए थे।

