UP Road Accident:उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। थाना मटसेना क्षेत्र में पिलर नंबर 46 के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक निजी बस की टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में आग लग गई, जिससे यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे में 2 लोगों की मौत
प्रशासन के अनुसार दुर्घटना में बस चालक और कंडक्टर की मौत हो गई, जबकि डेढ़ दर्जन से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
नगर मजिस्ट्रेट ने बताया कि गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जबकि करीब 15 यात्रियों को सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
बस में लगी आग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर पहले से एक डंपर पलटा हुआ था। इसी दौरान पीछे से आ रही बस उससे टकरा गई, जिसके बाद वाहन में आग लग गई।
बस में सवार यात्रियों ने किसी तरह जान बचाई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और कई यात्रियों को बस के शीशे तोड़कर बाहर निकाला गया।
मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और राहत दल मौके पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, जबकि घायलों को एंबुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के कारण कुछ समय के लिए एक्सप्रेसवे पर यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने ट्रैफिक को सुचारु करने के लिए मार्ग को साफ कराया।
घायल महिला यात्री ने बताई आपबीती
हादसे में घायल महिला यात्री उषा ने बताया कि बस कानपुर से गुरुग्राम जा रही थी और उसमें करीब 40 से 45 यात्री सवार थे। उन्होंने कहा कि सड़क पर पहले से डंपर पलटा हुआ था, जिससे बस टकरा गई। महिला के अनुसार हादसे के बाद यात्रियों को बस का शीशा तोड़कर पीछे की ओर से बाहर निकाला गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
ये भी पढ़ें: भोजशाला विवाद पहुंचा सुप्रीम कोर्ट, मुस्लिम पक्ष ने हाई कोर्ट फैसले को दी चुनौती

