होम = Big News = 119 करोड़ बैंक फ्रॉड मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई

119 करोड़ बैंक फ्रॉड मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई

by | May 22, 2026 | Big News, Top News

देश के सरकारी बैंकों से जुड़े करोड़ों रुपये के कथित घोटाले में CBI ने बड़ी कार्रवाई की है. एजेंसी ने मुंबई और अहमदाबाद में 7 जगहों पर छापेमारी की. यह कार्रवाई दो अलग-अलग बैंक फ्रॉड मामलों में की गई. दोनों मामलों में कंपनियों पर करीब 119 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का आरोप है.

PNB से जुड़े मामले में क्या आरोप?

CBI के मुताबिक पहला मामला Shri Hari Extrusion Pvt. Ltd. से जुड़ा है. एजेंसी ने अदालत से सर्च वारंट मिलने के बाद कंपनी के डायरेक्टर्स के ठिकानों पर छापेमारी की. इस दौरान कई दस्तावेज, डिजिटल रिकॉर्ड और वित्तीय लेनदेन से जुड़े सबूत मिले हैं.

जांच में सामने आया कि कंपनी ने Punjab National Bank से करीब 61.98 करोड़ रुपये का लोन लिया था. आरोप है कि लोन की रकम तय उद्देश्य के बजाय दूसरी कंपनियों में ट्रांसफर की गई. इसके अलावा संदिग्ध लेनदेन और फंड डायवर्जन के भी आरोप लगाए गए हैं.

SBI को भी करोड़ों का नुकसान

दूसरा मामला Jay Formulations Ltd. से जुड़ा है. इस केस में कंपनी पर State Bank of India को लगभग 57.05 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाने का आरोप है. CBI ने अहमदाबाद में कंपनी से जुड़े ठिकानों पर तलाशी ली.

एजेंसी का दावा है कि कंपनी ने फर्जी अकाउंट बुक और गलत वित्तीय दस्तावेजों के जरिए बैंक से क्रेडिट सुविधाएं हासिल कीं. बाद में लोन की रकम दूसरी जगहों पर डायवर्ट कर दी गई.

आगे क्या करेगी CBI?

फिलहाल CBI जब्त किए गए दस्तावेजों और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच कर रही है. साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस पूरे नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल थे. सूत्रों के मुताबिक आने वाले दिनों में कई लोगों से पूछताछ हो सकती है. जरूरत पड़ने पर गिरफ्तारी भी की जा सकती है.