London Tommy Robinson Rally: नेपाल के बाद अब लंदन में लोगों का विरोध प्रदर्शन हो रहा है। शनिवार को ‘यूनाइट द किंगडम’ नामक एंटी-इमिग्रेशन रैली हुई, जिसमें करीब 1 लाख 10 हजार लोग टॉमी रॉबिन्सन के नेतृत्व में प्रदर्शन करते हुए एकत्र हुए।
पुलिस पर फेंकी बोतलें
रैली के दौरान तब हिंसा भड़क गई, जब रॉबिन्सन समर्थकों का एक समूह पुलिस और काउंटर-प्रोटेस्टर्स से भिड़ गया। पुलिस पर बोतलें फेंकी गईं, कई अफसरों को मुक्के और लात मारी गई। हालात बिगड़ने पर दंगा-रोधी दस्ते को तैनात करना पड़ा।
हिंसा में 26 पुलिसकर्मी घायल, 25 गिरफ्तार
मेट्रोपॉलिटन पुलिस के अनुसार इस हिंसा के दौरान 26 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं, जिनमें चार की स्थिति गंभीर है। कुछ की नाक और दांत टूटे, वहीं एक अधिकारी को रीढ़ की चोट आई। अब तक 25 लोगों को गिरफ्तार किया गया है और जांच जारी है।
“कई लोग सिर्फ हिंसा करने आए थे”: एसी मैट ट्विस्ट
असिस्टेंट कमिश्नर मैट ट्विस्ट ने बताया कि कुछ लोग शांतिपूर्ण थे, लेकिन बड़ी संख्या में लोग जानबूझकर हिंसा फैलाने पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर हमला किया और सुरक्षा घेरे को तोड़ने की कोशिश की।
रैली में भीड़ उम्मीद से ज्यादा रही। रैली में 1 लाख 10 हजार से एक लाख 50 हजार लोग शामिल हुए, जबकि इसके जवाब में मार्च अगेंस्ट फासिज्म नाम से आयोजित रैली में करीब 5,000 लोग जुटे।वहां लोगों ने “शरणार्थियों का स्वागत है” और “फार-राइट को खत्म करो” जैसे नारे लगाए।
फ्रांस के फार-राइट नेता एरिक ज़ेमूर ने कहा कि यूरोप पर मुस्लिम देशों से कॉलोनाइजेशन हो रहा है। वहीं, एलन मस्क ने वीडियो संदेश में ब्रिटेन की लेफ्ट-लीनिंग सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अनियंत्रित प्रवास ब्रिटेन को संकट में डाल रहा है।
रैली में चार्ली किर्क को दी गई श्रद्धांजलि
अमेरिकी दक्षिणपंथी एक्टिविस्ट चार्ली किर्क को रैली में याद किया गया। उनकी याद में एक मिनट का मौन रखा गया और बगपाइपर ने “अमेजिंग ग्रेस” की धुन बजाई।
टॉमी रॉबिन्सन समर्थकों ने लगाए नारे
टॉमी रॉबिन्सन (असल नाम स्टीफन यैक्सले-लेनन), इंग्लिश डिफेंस लीग के संस्थापक और ब्रिटेन के प्रमुख फार-राइट नेताओं में से एक हैं। उनके समर्थकों ने रैली में “स्टॉप द बोट्स”, “सेन्ड देम होम” और “वी वांट आवर कंट्री बैक” जैसे नारे लगाए।
ये भी पढ़े : Hindi Diwas 2025: AI का भविष्य हिंदी से जुड़ा, Google की भी हिंदी पर पकड़ मजबूत, जानें इस बार की थीम

