Afghan-Pakistan conflicts : अफगानिस्तान सेना ने 11 अक्टूबर की रात पाकिस्तान की सीमा में घुसकर सात इलाकों में हमला किया। इस हमले में 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 5 को हिरासत में लिया गया है। दोनों देशों की सेनाओं के बीच करीब साढ़े तीन घंटे तक जबरदस्त गोलीबारी और संघर्ष जारी रहा।
इसी बीच केंद्रीय गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने कड़ा बयान जारी किया है। नकवी ने अफगानिस्तान पर सख्त शब्दों में हमला करते हुए कहा कि यह देश ‘आग और खून का खेल’ खेल रहा है और इसके पीछे भारत जैसे प्रतिद्वंद्वी देशों के हाथ होने का इशारा भी किया।
अफगान सेना ने पाकिस्तान सीमा पर 7 ठिकानों पर किया हमला
केंद्रीय गृहमंत्री ने अफगान बलों द्वारा पाकिस्तान के सीमावर्ती इलाकों पर बिना किसी उकसावे के की गई गोलीबारी की घटनाओं की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि अफगान सेना द्वारा नागरिक आबादी को निशाना बनाना अंतरराष्ट्रीय कानूनों का खुला उल्लंघन है। गृहमंत्री नकवी ने बताया कि पाकिस्तान की बहादुर सेनाओं ने यह स्पष्ट कर दिया है कि किसी भी प्रकार की उकसावे वाली कार्रवाई को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा, और इसका जवाब तुरंत और प्रभावी तरीके से दिया गया है।
अफगानिस्तान को मोहसिन नकवी की सख्त चेतावनी
पाकिस्तान के केंद्रीय गृहमंत्री मोहसिन नकवी ने अफगानिस्तान को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अगर अफगानिस्तान ने पाकिस्तान की ओर बुरी नजर डाली, तो उसे भी वैसा ही जवाब दिया जाएगा जैसा भारत को मिला था। नकवी ने कहा कि पाकिस्तान की जनता अपनी सशस्त्र सेनाओं के साथ ‘लोहे की दीवार’ की तरह खड़ी है, और देश की रक्षा के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
12 पाक सैनिक ढेर, 5 बंदी
शनिवार, 11 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार रात 9:23 बजे, अफगान सेना ने पाकिस्तान की सीमा से सटे सात अलग-अलग इलाकों में एक साथ हमला किया। अफगान अधिकारियों के मुताबिक, यह कार्रवाई 210 खालिद बिन वालिद ब्रिगेड और 205 अल-बद्र कॉर्प्स द्वारा संयुक्त रूप से अंजाम दी गई। हमले के दौरान आर्टिलरी और टैंकों जैसे भारी हथियारों का इस्तेमाल किया गया। अफगान सेना का दावा है कि इस हमले में 12 पाकिस्तानी सैनिक मारे गए, जबकि 5 सैनिकों को बंदी बना लिया गया। इसके अलावा, अफगान बलों ने कई हथियार जब्त किए और एक पाकिस्तानी सैनिक का शव भी अपने कैंप में ले गए हैं।
पाकिस्तानी सेना ने भी की जवाबी कार्रवाई
अफगान सेना के हमले के बाद पाकिस्तानी सेना ने भी जोरदार जवाबी कार्रवाई की। दोनों देशों के बीच लगभग साढ़े तीन घंटे तक भारी गोलीबारी और संघर्ष जारी रहा। यह टकराव रात करीब 1 बजे थमा, जब अफगान रक्षा मंत्रालय ने सीजफायर (संघर्षविराम) की घोषणा की। इस संघर्ष के दौरान अफगान चौकियों को नुकसान पहुंचने की खबर है। पाकिस्तानी मीडिया ने इस झड़प में पाकिस्तानी पक्ष के मृत और घायल सैनिकों को लेकर अलग-अलग आंकड़े जारी किए हैं।
ये भी पढ़े : Bihar Election 2025 : ओवैसी की एंट्री, पहली लिस्ट जारी; इन सीटों पर आज़माएंगे किस्मत

