Mini Gartang Gali: अगर आप हर वीकेंड ऋषिकेश जाकर वही पुरानी जगहों से बोर हो चुके हैं, तो इस बार थोड़ा हटकर कुछ नया एक्सप्लोर करने का वक्त है। ऋषिकेश से करीब 40 किलोमीटर दूर स्थित ‘मिनी गरतांग गली’ इन दिनों एडवेंचर और नेचर लवर्स के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रही है। शांत वातावरण, लकड़ी का रोमांचक पुल और रास्ते में मिलने वाला सीक्रेट झरना इसे एक परफेक्ट वीकेंड डेस्टिनेशन बना देता है।
क्या है खास
मिनी गरतांग गली को कोटली भेल ट्रेक के नाम से भी जाना जाता है। उत्तरकाशी की प्रसिद्ध गरतांग गली की तरह यहां भी एक अनोखा लकड़ी का पुल बना हुआ है, जो पर्यटकों को स्काईवॉक जैसा रोमांचक अनुभव देता है। यह पुल गंगा नदी के ऊपर बना है और करीब 136 मीटर लंबा तथा लगभग 1.8 मीटर चौड़ा है। कहा जाता है कि इस पुल का निर्माण पेशावरी पठानों द्वारा किया गया था, जो इसे और भी खास बनाता है।
इस ट्रेक का सबसे आकर्षक हिस्सा है रास्ते में मिलने वाला छिपा हुआ झरना, जिसे स्थानीय लोग कौडियाला झरना कहते हैं। यहां का ठंडा और साफ पानी यात्रियों को ताजगी का अहसास कराता है। कई लोग यहां रुककर झरने के पानी में डुबकी लगाकर सफर का आनंद दोगुना कर लेते हैं।
शांत और सुकून देने वाली जगह
जहां ऋषिकेश का तपोवन इलाका अक्सर भीड़भाड़ से भरा रहता है, वहीं मिनी गरतांग गली पूरी तरह शांत और सुकून देने वाला स्थान है। चारों ओर फैली हरियाली और पहाड़ों का नजारा इसे प्रकृति प्रेमियों के लिए खास बना देता है। अगर आप शहर की भागदौड़ से दूर कुछ समय शांति में बिताना चाहते हैं, तो यह जगह आपके लिए बिल्कुल सही है।
कैसे पहुंचने लोकेशन पर
यहां पहुंचने के लिए आपको ऋषिकेश से बद्रीनाथ नेशनल हाईवे-7 पर देवप्रयाग की ओर बढ़ना होगा। इसके बाद महादेव चट्टी या कौडियाला के पास वाहन खड़ा कर करीब 2.5 किलोमीटर का ट्रेक करना पड़ता है। रास्ता थोड़ा चुनौतीपूर्ण जरूर है, लेकिन मंजिल तक पहुंचने का अनुभव बेहद यादगार होता है।
घूमने का सही समय
मिनी गरतांग गली घूमने का सबसे सही समय अक्टूबर से मई के बीच का माना जाता है। मानसून के दौरान यहां जाना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि लकड़ी का पुल और ट्रेकिंग रास्ते फिसलन भरे हो जाते हैं। पूरी यात्रा को आराम से 4 से 5 घंटे में पूरा किया जा सकता है, जिससे यह एक शानदार वीकेंड ट्रिप बन जाती है। हालांकि यहां कोई तय पार्किंग सुविधा नहीं है, इसलिए आपको महादेव चट्टी के आसपास हाईवे किनारे ही गाड़ी पार्क करनी होगी।
कुल मिलाकर, मिनी गरतांग गली उन लोगों के लिए एक छुपा हुआ खजाना है, जो रोमांच, प्रकृति और सुकून तीनों का अनुभव एक ही जगह पर करना चाहते हैं।
ये भी पढ़ें: दूर-दूर से लोग आते हैं बिहार का ये अद्भुत वॉटरफॉल देखने के लिए, खूबसूरती देख थम जाएगा आपका मन

