Babri Masjid Shilanyas Claim: पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में TMC से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने मस्जिद निर्माण को लेकर ऐसा ऐलान किया कि पूरा राजनीतिक माहौल गर्म हो गया। कबीर का कहना है कि “दोपहर 12 बजे कुरान पढ़ा जाएगा और इसके बाद शिलान्यास कार्यक्रम शुरू होगा।” उनके समर्थक ईंट लेकर मौके की ओर निकल पड़े, जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं।
हुमायूं कबीर (Humayun Kabir) ने दावा किया कि जिला प्रशासन और पुलिस दोनों इस आयोजन में उनका “पूरा सहयोग” कर रहे हैं। उन्होंने मुर्शिदाबाद पुलिस और राज्य पुलिस का सार्वजनिक रूप से धन्यवाद भी किया। कबीर का यह स्टैंड TMC से उनके निलंबन के बाद नए राजनीतिक संकेत देता है और विपक्ष इसे लेकर तीखी प्रतिक्रिया दे रहा है।
BJP ने लगाए गंभीर आरोप
बीजेपी नेता दिलीप घोष ने इस पूरे घटनाक्रम पर तीखा वार करते हुए कहा कि हुमायूं कबीर मुस्लिम वोट बैंक साधने के लिए विवाद पैदा कर रहे हैं। घोष के अनुसार, “राम मंदिर बन चुका है, अब बाबरी मस्जिद को पीछे छोड़ देना चाहिए।” उन्होंने आरोप लगाया कि TMC की आंतरिक लड़ाई के कारण ऐसी स्थितियां पैदा हो रही हैं।
दिलीप घोष ने यह भी तंज कसा कि कबीर कई दलों में घूमने के बाद अब फिर सुर्खियों में लौटने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “अगर राजनीति ही करनी है तो नई पार्टी बनाकर मैदान में उतरें, लेकिन धर्म और भावनाओं का इस्तेमाल वोट के लिए न करें।”
मुर्शिदाबाद में बढ़ता तनाव
कबीर बार-बार दोहरा रहे हैं कि उनका कार्यक्रम कानूनी अनुमति के साथ हो रहा है। हालांकि क्षेत्र में राजनीतिक पारा तेजी से चढ़ रहा है। बाबरी मस्जिद का संदर्भ आते ही पूरा मामला और संवेदनशील हो गया है, और दोनों दलों के आमने-सामने आने से विवाद और भड़कने की आशंका बढ़ गई है।मुर्शिदाबाद में आज सबकी नजरें एक ही सवाल पर टिकी हैं, क्या यह धार्मिक आयोजन है या चुनावी रणनीति की शुरुआत?
ये भी पढ़े: रणवीर की ‘धुरंधर’ देख दीपिका हुईं भावुक, डेट नाइट से थिएटर तक पति पर बरसाई तारीफों की बारिश

