Banke Bihari Temple : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले स्थित ठाकुर बांके बिहारी मंदिर में दर्शन व्यवस्था को लेकर बड़ा बदलाव किया गया है। सुप्रीम कोर्ट की ओर से गठित समिति ने गुरुवार को हुई बैठक में वीआईपी पर्ची व्यवस्था समाप्त करने और दर्शन का समय बढ़ाने का फैसला लिया। माना जा रहा है कि इससे मंदिर में वीआईपी कल्चर पूरी तरह खत्म हो जाएगा और सभी श्रद्धालुओं को समान अवसर मिलेगा।
लाइव स्ट्रीमिंग भी शुरू
बैठक की अध्यक्षता हाईकोर्ट के पूर्व जस्टिस अशोक कुमार ने की। इसमें कुल 9 अहम निर्णय लिए गए। अब गर्मियों में श्रद्धालुओं को ठाकुरजी के दर्शन के लिए तीन घंटे अतिरिक्त और सर्दियों में ढाई घंटे अतिरिक्त समय मिलेगा। भक्तों की सुविधा के लिए लाइव स्ट्रीमिंग भी शुरू की जाएगी।
सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव
सुरक्षा व्यवस्था में भी बदलाव हुआ है। मंदिर की सुरक्षा अब पूर्व सैनिकों या नामचीन सिक्योरिटी एजेंसी को सौंपी जाएगी। साथ ही मंदिर भवन और परिसर की मजबूती जांचने के लिए आईआईटी रुड़की की टीम से स्ट्रक्चरल ऑडिट कराया जाएगा।
प्रवेश और निकास व्यवस्था
इसके अलावा, प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग द्वारों का उपयोग अनिवार्य होगा। पुलिस और गार्ड को अपनी तय ड्यूटी स्थल पर ही तैनात रहना होगा, अन्यथा एसएसपी विधिक कार्रवाई करेंगे।

