होम = State = उत्तर प्रदेश = नोएडा में फर्नीचर शोरूम में भीषण आग, टावर में फंसे लोगों की दमकल कर्मियों ने बचाई जान

नोएडा में फर्नीचर शोरूम में भीषण आग, टावर में फंसे लोगों की दमकल कर्मियों ने बचाई जान

Fire in Noida : फेज-वन थाना क्षेत्र के सेक्टर-10 स्थित तीन मंजिला टावर में बुधवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक आग लग गई। आग का केंद्र टावर के ऊपर वाले तल पर मौजूद फर्नीचर की दुकान थी, जहां से लपटें तेजी से फैलते हुए अन्य हिस्सों तक पहुंच गईं। हादसे के समय टावर में मौजूद चार से पांच लोग समय रहते बाहर निकल आए, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।

कर्मचारियों ने किसी तरह नीचे उतरकर बचाई जान

सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) प्रदीप कुमार चौबे अपनी टीम और दमकल की छह गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। आग की तीव्रता को देखते हुए अग्निशमन कर्मियों ने ब्रीदिंग एनालाइजर किट पहनकर अंदर घुसकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। आग पर काबू पाने में एक घंटे से ज्यादा का समय लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में कर्मचारियों ने पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि वे नाकाम रहे। देखते ही देखते धुआं और आग पूरे फ्लोर में फैल गई। घबराए कर्मचारियों ने किसी तरह नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।

देवदूत बनकर आये दमकल विभाग के कर्मचारी

बचाव कार्य के दौरान स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अन्य स्टेशनों से भी दमकल की चार अतिरिक्त गाड़ियां बुलाई गईं। सीएफओ चौबे ने बताया कि टावर में चार फर्नीचर की दुकानें थीं। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है। हालांकि हादसे में किसी की जान नहीं गई, लेकिन ऊपर वाले तल पर रखा फर्नीचर का सारा सामान जलकर खाक हो गया। दुकानदार और व्यापारी नुकसान का आकलन कर रहे हैं। अग्निशमन विभाग ने सभी व्यापारियों को आग से बचाव और प्राथमिक प्रशिक्षण लेने की सलाह दी है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को टाला जा सके।

ये भी पढ़े :नोएडा में डॉग बाइट के बढ़ते मामले, हर महीने आठ हजार से अधिक लोगों पर हमलावर लावारिस कुत्ते

Tags : noida news