होम = Breaking = मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, सोमवार को होगी सुनवाई

मॉडल ट्विशा शर्मा मौत मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, सोमवार को होगी सुनवाई

Twisha Sharma Case: भोपाल के चर्चित ट्विशा शर्मा मौत मामले में अब सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामले की सुनवाई करने का फैसला किया है। इस मामले में सोमवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत की अध्यक्षता वाली तीन जजों की बेंच सुनवाई कर सकती है। ट्विशा के परिवार ने उनकी मौत के लिए पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराया है। वहीं सीबीआई जांच और दोबारा पोस्टमार्टम की मांग के बाद मामले में नए खुलासों की संभावना भी जताई जा रही है।

सुप्रीम कोर्ट ने लिया स्वतः संज्ञान

जानकारी के अनुसार, सुप्रीम कोर्ट की तीन सदस्यीय बेंच इस पूरे मामले की सुनवाई कर सकती है। इस बेंच की अगुवाई जस्टिस सूर्यकांत करेंगे, जबकि जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस विपुल एम पंचोली भी इसमें शामिल होंगे। माना जा रहा है कि अदालत जांच प्रक्रिया और अब तक हुई कार्रवाई पर अहम सवाल उठा सकती है।

परिवार ने लगाए गंभीर आरोप

ट्विशा के परिवार का आरोप है कि उनकी बेटी के पति समर्थ सिंह और ससुराल पक्ष ने मामले को प्रभावित करने और जांच को भटकाने की कोशिश की। परिवार ने दावा किया कि आरोपी पक्ष का प्रभाव जांच और कानूनी प्रक्रिया में दिखाई दिया। समर्थ सिंह पेशे से वकील हैं, जबकि उनकी मां गिरिबाला सिंह रिटायर्ड जज रह चुकी हैं।

पुलिस जांच पर उठे सवाल

ट्विशा के भाई आशीष शर्मा ने पुलिस की शुरुआती जांच पर सवाल खड़े किए हैं। उनका कहना है कि पुलिस आरोपी की तलाश का दावा करती रही, लेकिन इसी दौरान समर्थ सिंह जबलपुर कोर्ट पहुंच गए। परिवार का आरोप है कि मामले में कई ऐसी परिस्थितियां सामने आईं, जिन्होंने जांच की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए।

आशीष शर्मा ने यह भी कहा कि शुरुआती सुनवाई के दौरान लगातार कोर्ट बदलने जैसी स्थिति बनी रही और उसी दौरान गिरिबाला सिंह को अग्रिम जमानत मिल गई। परिवार का दावा है कि अदालत परिसर का माहौल भी उस समय असामान्य था।

कई पहलुओं की जांच करेगा सुप्रीम कोर्ट

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में कई गंभीर मुद्दों पर ध्यान दिया है। इनमें ट्विशा की संदिग्ध मौत, पुलिस जांच में कथित गड़बड़ियां, निचली अदालत पर पक्षपात के आरोप और प्रशासन की भूमिका को लेकर उठ रहे सवाल शामिल हैं। अदालत इन सभी पहलुओं को गंभीरता से देखते हुए मामले की विस्तृत सुनवाई कर सकती है।

सोशल मीडिया पर भी बढ़ी चर्चा

यह मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सोशल मीडिया पर भी लोग जांच की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। ट्विशा के परिवार की मांग है कि मामले की जांच किसी स्वतंत्र एजेंसी से कराई जाए ताकि सच्चाई सामने आ सके।

डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी मुलाकात

ट्विशा शर्मा की मुलाकात भोपाल निवासी वकील समर्थ सिंह से एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी। बाद में दोनों के बीच रिश्ता गहरा हुआ और दिसंबर 2025 में उन्होंने शादी कर ली। शादी के बाद ट्विशा अपने पति के साथ भोपाल के कटारा हिल्स इलाके में रहने लगी थीं।

12 मई को मिला था शव

12 मई को भोपाल के कटारा हिल्स इलाके स्थित घर में ट्विशा शर्मा का शव फंदे से लटका मिला था। ट्विशा पहले मॉडल थीं और बाद में उन्होंने एक्टिंग की दुनिया में भी काम किया। परिवार ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उन्हें दहेज के लिए प्रताड़ित किया जा रहा था।

वहीं ससुराल पक्ष का कहना है कि ट्विशा नशे की लत से जूझ रही थीं। 33 वर्षीय ट्विशा मूल रूप से नोएडा की रहने वाली थीं। वह MBA ग्रेजुएट, योगा इंस्ट्रक्टर, मॉडल और ‘मिस पुणे’ प्रतियोगिता की पूर्व कंटेस्टेंट भी रह चुकी थीं।

ये भी पढ़ें: व्हाइट हाउस के बाहर ताबड़तोड़ फायरिंग, घटना के वक्त परिसर में मौजूद थे ट्रंप; इलाके में हाई अलर्ट