UP Crime News : उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में रक्षाबंधन के दिन रिश्तों को कलंकित करने वाली एक हैरान कर देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक चचेरे भाई ने अपनी 14 वर्षीय बहन के साथ दुष्कर्म कर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। घटना को आत्महत्या का रूप देने के लिए उसने शव को फंदे से लटका दिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस घटना के भाई बहन के रिश्ते तो शर्मसार कर दिया है।
शराब पीकर दिया वारदात को अंजाम
जानकारी के लिए आपको बता दें कि यह मामला बिधूना कोतवाली के कक्षपुरा के मजरे का है। 9 अगस्त 2025 को पीड़िता राखी बांधकर अपने ताऊ के घर से लौट आई थी। उस समय उसकी मां और बहनें नोएडा गई हुई थीं, जबकि पिता घर के बाहर झोपड़ी में सो रहे थे।
देर रात आरोपी सुरजीत सक्सेना शराब पीकर खेत की ओर गया और लौटते समय दीवार फांदकर घर में घुस आया। पुलिस पूछताछ में उसने बताया कि उसने पीड़िता के साथ रेप किया और विरोध करने पर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद वह अपने कमरे में जाकर सो गया।
ऐसे हुआ खुलासा, हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की
सुबह जब पिता ने बेटी को जगाने की कोशिश की, तो दरवाजा बंद मिला। पड़ोस की एक बच्ची की मदद से दरवाजा खुलवाने के बाद अंदर का नजारा देख उनकी चीख निकल गई। बेटी का शव फंदे से लटका था। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने घर के अंदर कई जगह खून के धब्बे देखे, जिससे स्पष्ट हो गया कि यह आत्महत्या का मामला नहीं है।
पूछताछ के दौरान पुलिस को शक हुआ क्योंकि आरोपी सुरजीत लगातार परिवार के साथ रहकर हर सवाल का जवाब दे रहा था, मानो खुद को शक से दूर रखना चाहता हो। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में दुष्कर्म और गला घोंटकर हत्या की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने सुरजीत को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की, जिसमें उसने अपराध कबूल कर लिया।
पुलिस की कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी के कपड़ों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। औरैया के एसपी अभिजीत आर. शंकर ने इस मामले का खुलासा करने वाली एसओजी और बिधूना कोतवाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। यह घटना न केवल इंसानियत को झकझोरने वाली है, बल्कि यह दिखाती है कि अपराधी रिश्तों का भी कोई लिहाज नहीं करते। रक्षाबंधन जैसे पवित्र त्योहार पर घटित यह अपराध समाज के लिए एक कड़ा सबक है।

