Gonda: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जिसने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक चलती एंबुलेंस से एक युवक का शव स्ट्रेचर समेत हाईवे पर फेंक दिया गया, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना गोंडा देहात कोतवाली क्षेत्र के बालपुर जाट गांव की है। मृतक युवक की पहचान हृदय लाल (24 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, 1 अगस्त को हृदय लाल का गांव के ही कुछ लोगों से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया था। इसी विवाद में युवक के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन उसे पहले जिला अस्पताल और फिर गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर करवा ले गए, जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मृत्यु हो गई।
कैसे हुआ विवादित वीडियो वायरल?
जब मृतक का शव एंबुलेंस से गांव लाया जा रहा था, उसी दौरान लखनऊ-गोंडा हाईवे पर बालपुर जाट गांव के पास परिजन और ग्रामीण गुस्सा हो गए। इसी बीच, एक व्यक्ति एंबुलेंस के पीछे गेट पर चढ़ा और अचानक शव को स्ट्रेचर समेत सड़क पर गिरा दिया। इसके तुरंत बाद एंबुलेंस वहां से फरार हो गई। इस पूरी घटना को किसी व्यक्ति ने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर होते ही वायरल हो गया। वीडियो देखकर लोग भड़के हुए हैं और एंबुलेंस कर्मियों की कठोरता पर सवाल उठा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश : गोंडा जिले में दिल दहला देने वाली घटना
पैसों के लेनदेन को लेकर मारपीट, घायल 24 वर्षीय युवक हृदय लाल की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत
घटना से गुस्साए परिजन लखनऊ-गोंडा मार्ग पर कर रहे थे प्रदर्शन
तभी एंबुलेंस के गेट पर लटके व्यक्ति ने हृदय लाल के शव को स्ट्रेचर समेत… pic.twitter.com/mMeRRxgC0W
— News India 24×7 (@newsindia24x7_) August 5, 2025
पुलिस ने क्या कहा?
गोंडा पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने बताया कि यह घटना अत्यंत निंदनीय है। हालांकि, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि शव परिजनों द्वारा ही विरोध प्रदर्शन के उद्देश्य से सड़क पर फेंका गया था, ताकि प्रशासन पर दबाव बनाया जा सके। पुलिस ने शव को दुबारा कब्जे में लेकर शांति व्यवस्था बहाल की। पुलिस ने आगे बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वायरल वीडियो की सत्यता की भी जांच की जा रही है।
ये भी पढ़े: ‘मेक इन इंडिया’ को टक्कर देने आया ‘मेक इन अमेरिका’ कौन जीतेगा व्यापार युद्ध?
ग्रामीणों का गुस्सा और प्रशासन की अपील
घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है। लखनऊ-गोंडा हाईवे कुछ समय के लिए बाधित है, जिसे पुलिस और प्रशासन ने समझाकर शांत करवाया। प्रशासन ने लोगों से अपील की कि वे कानून हाथ में न लें और प्रशासन को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने दें।
गोंडा की यह घटना न केवल मानवता को झकझोरने वाली है, बल्कि यह बताती है कि गुस्से में कैसे लोग इंसानियत को भी भूल जाते है। पुलिस की जांच जारी है और प्रशासन ने मृतक के परिजनों को हरसंभव सहायता देने का भरोसा दिया है।

