Hathras News : Hathras के चंदपा क्षेत्र के बघना गांव में मंगलवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई। छह माह के शिशु की दूध पीने के बाद स्वांस नली में दूध फंस जाने से मौत हो गई। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम का माहौल है।
कैसे हुई घटना
गांव निवासी नवनीत शर्मा का छह महीने का बेटा सुबह अपनी मां के साथ लेटा हुआ था। मां ने उसे दूध पिलाया और थोड़ी देर बाद बच्चा उनकी गोद में ही सो गया। कुछ समय बाद जब मां ने बच्चे को देखा तो वह पूरी तरह निष्प्राण पड़ा था और उसकी सांसें रुक चुकी थीं।
परिजनों ने तुरंत नजदीकी डॉक्टर के पास बच्चे को दिखाया। वहां से उन्हें बड़े अस्पताल ले जाने की सलाह दी गई। इसके बाद वे एक निजी अस्पताल पहुंचे, जहां बाल रोग विशेषज्ञ ने जांच के बाद बच्चे को मृत घोषित कर दिया।
डॉक्टरों की चेतावनी
जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. प्रमोद कुमार ने इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए अभिभावकों को सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा छोटे बच्चों को कभी भी लिटाकर दूध नहीं पिलाना चाहिए। दूध पिलाते समय बच्चे का सिर पैरों से थोड़ा ऊंचा होना जरूरी है। दूध पिलाने के बाद बच्चे को सीने से लगाकर हल्के-हल्के पीठ थपथपाएं ताकि बच्चा डकार ले सके। यदि दूध पिलाने के बाद बच्चे को सांस लेने में तकलीफ हो, आवाज आए या असामान्य हरकत (Hathras News) दिखाई दे तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
विशेषज्ञों का कहना है कि नवजात शिशुओं की श्वसन नली बेहद नाजुक होती है। ऐसे में दूध आसानी से नली में फंस सकता है। यही वजह रही कि मासूम की जिंदगी नहीं बचाई जा सकी।
ये भी पढ़े – गाजियाबाद : गणेश विसर्जन के दौरान यातायात डायवर्जन, ट्रैफिक पुलिस की एडवाइजरी
परिवार पर टूटा दुख का पहाड़
इस हादसे के बाद नवनीत शर्मा के परिवार में गहरा सन्नाटा छा गया है। छह महीने के बेटे की मौत से माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल है। अब परिवार में केवल उनकी तीन साल की बेटी ही बची है। पूरे गांव में इस घटना को लेकर शोक की लहर है।

