होम = State = उत्तर प्रदेश = ज्ञानोदय प्रदेश कॉन्क्लेव 2025 के मंच से धर्मेंद्र भारद्वाज का विपक्ष पर हमला, यूपी में शिक्षा सुधार को लेकर कही बड़ी बात

ज्ञानोदय प्रदेश कॉन्क्लेव 2025 के मंच से धर्मेंद्र भारद्वाज का विपक्ष पर हमला, यूपी में शिक्षा सुधार को लेकर कही बड़ी बात

Dharmendra Bhardwaj : शिक्षा को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार लगातार बड़े फैसले ले रही है. इसी कड़ी में भाजपा के एमएलसी और शिक्षाविद धर्मेंद्र भारद्वाज ने News India 24×7 के विशेष मंच ज्ञानोदय प्रदेश कॉन्क्लेव 2025 से कहा कि शिक्षा ही समाज के अंधकार को दूर करने का सबसे सशक्त माध्यम है. जिस तरह सूरज का प्रकाश रात के अंधेरे को मिटाता है,उसी तरह शिक्षा समाज से अज्ञान और कुरीतियों को दूर करती है.

धर्मेंद्र भारद्वाज ने बताया कि पिछले आठ वर्षों में प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में जो सुधार हुए हैं, वे अभूतपूर्व हैं. चाहे बात बेसिक शिक्षा की हो,माध्यमिक शिक्षा की या फिर उच्च शिक्षा की उत्तर प्रदेश ने हर स्तर पर अमूलचूल परिवर्तन किए हैं. यह बदलाव पूरे देश ही नहीं,बल्कि विश्व स्तर पर सराहे जा रहे हैं.

विपक्ष के आरोपों पर पलटवार

हाल ही में विपक्ष ने सरकार पर स्कूलों के मर्जर को लेकर हमला बोला था. समाजवादी पार्टी ने तो यहां तक कहा कि जहां-जहां स्कूल बंद होंगे,वहां-वहां पीडीए की क्लास चलाई जाएगी. इस पर धर्मेंद्र भारद्वाज ने जवाब देते हुए कहा कि विपक्ष के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं है. “मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कर दिया है कि प्रदेश में स्कूल बंद नहीं किए जा रहे हैं. केवल उन स्कूलों को पास के विद्यालयों के साथ जोड़ा जा रहा है, जहां 50 से कम छात्र हैं और भवन जर्जर हालत में है. यह बच्चों की बेहतर पढ़ाई और संसाधनों के समुचित उपयोग के लिए किया जा रहा है.

उन्होंने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि वो लोग पीडीए पाठशालाओं की बात कर रहे हैं, जहां ए फॉर अतीक, ए फॉर असद और ए फॉर अशरफ पढ़ाया जाता है. जबकि हमारे विद्यालयों में बच्चों को ए फॉर एप्पल सिखाया जाता है, जिससे उन्हें स्वास्थ्य और शिक्षा दोनों का महत्व समझ में आता है. विपक्ष के शिक्षा के तरीके और हमारी शिक्षा प्रणाली में धरती-आसमान का अंतर है.”

शिक्षा बजट पर फोकस

धर्मेंद्र ने बताया कि उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा को लेकर 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट प्रस्तावित किया है. यह बजट प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने और भविष्य में इसे और विकसित बनाने की दिशा में खर्च किया जाएगा.