होम = Big News = BMC Election Exit Poll: एग्जिट पोल में महायुति की बड़ी बढ़त! नगर निगम चुनाव में पिछड़ते दिखे ठाकरे गुट और कांग्रेस

BMC Election Exit Poll: एग्जिट पोल में महायुति की बड़ी बढ़त! नगर निगम चुनाव में पिछड़ते दिखे ठाकरे गुट और कांग्रेस

BMC Election Exit Poll: महाराष्ट्र में मुंबई सहित 29 नगर निगमों के लिए हुए चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गए। कई महीनों तक चले राजनीतिक घमासान के बाद अब सभी की निगाहें शुक्रवार को होने वाली मतगणना पर टिकी हैं। इसी बीच सामने आए एग्जिट पोल ने सियासी हलकों में हलचल तेज कर दी है। ज्यादातर एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेतृत्व वाले गठबंधन को स्पष्ट बहुमत मिलता नजर आ रहा है, जबकि ठाकरे बंधुओं का गुट और कांग्रेस पिछड़ते दिखाई दे रहे हैं।

एक्सिस माय इंडिया के अनुमान

एक्सिस माय इंडिया द्वारा जारी एग्जिट पोल के मुताबिक भाजपा और उसके सहयोगी दलों को 131 से 151 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। वहीं शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे गुट) के नेतृत्व वाले गठबंधन को 58 से 68 सीटें मिल सकती हैं। कांग्रेस गठबंधन को 12 से 16 सीटों पर सिमटने का अनुमान है, जबकि अन्य दलों के खाते में 6 से 12 सीटें जा सकती हैं।

डीवी रिसर्च का आकलन

डीवी रिसर्च के एग्जिट पोल में भी महायुति को बढ़त मिलती दिख रही है। सर्वे के अनुसार भाजपा के नेतृत्व वाली महायुति को 107 से 122 सीटें मिल सकती हैं। ठाकरे गुट के गठबंधन को 68 से 83 सीटें मिलने की संभावना जताई गई है। कांग्रेस और वंचित बहुजन अघाड़ी को 18 से 25 सीटें मिल सकती हैं, जबकि एनसीपी (अजित पवार गुट) को 2 से 4 सीटें मिलने का अनुमान है। अन्य दलों के खाते में 8 से 15 सीटें जा सकती हैं।

जेवीसी एग्जिट पोल में भी वही संकेत

जेवीसी के एग्जिट पोल में भी भाजपा की अगुआई वाली महायुति को मजबूत स्थिति में दिखाया गया है। इस सर्वे के अनुसार महायुति को करीब 138 सीटें मिल सकती हैं, जबकि ठाकरे गुट को 23 सीटें और अन्य दलों को लगभग 7 सीटें मिलने का अनुमान है।

अब सबकी नजरें मतगणना के नतीजों पर टिकी हैं, जो यह साफ कर देंगे कि एग्जिट पोल के अनुमान हकीकत में कितने सही साबित होते हैं और महाराष्ट्र की नगर निगम राजनीति में किसका दबदबा कायम होता है।

ये भी पढ़ें: दुनिया पाकिस्तान के साथ, भारत नहीं उठा पाएगा आंख: वीडियो में लश्कर कमांडर रऊफ

चुनाव स्पेशल – बिहार