Jharkhand News: लोक आस्था के महापर्व छठ पर जहां चारों ओर श्रद्धा और भक्ति का माहौल नजर आया, वहीं झारखंड के दुमका जिले में Rashtriya Janata Dal (राजद) ने सेवा और समर्पण की एक अनोखी मिसाल पेश की। जिले के खुटा बांध तालाब छठ घाट पर सोमवार की सुबह से ही राजद कार्यकर्ताओं ने व्रतियों की सेवा में नि:शुल्क दुग्ध वितरण शिविर लगाया, जिसमें सैकड़ों व्रतियों को दूध, गंगाजल, अगरबत्ती और पूजन सामग्री वितरित की गई।
छठ व्रतियों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं
छठ घाट पर पहुंचे राजद (Rashtriya Janata Dal) जिलाध्यक्ष डॉ. अमरेन्द्र कुमार यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने व्रतियों को पूजा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए पूरी व्यवस्था संभाली। घाट पर मौजूद कार्यकर्ता लगातार दूध के पैकेट और पूजन सामग्री व्रतियों को सौंपते रहे। डॉ. अमरेन्द्र कुमार यादव ने मौके पर कहा- छठ पर्व लोक आस्था, स्वच्छता, आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। इस पवित्र पर्व में समाज की हर दीवार टूट जाती है।
सभी लोग चाहे अमीर हों या गरीब, किसी भी जाति या धर्म के एक ही पंक्ति में खड़े होकर भगवान सूर्य की आराधना करते हैं। यही हमारी सामाजिक एकता और संस्कार की पहचान है। उन्होंने आगे कहा कि, छठ व्रतियों की सेवा से बड़ा कोई धर्म नहीं होता। इस सेवा से न सिर्फ आध्यात्मिक संतोष मिलता है, बल्कि यह समाज को एकजुट करने का भी कार्य करती है।
सुरक्षित ढंग से अर्घ्य देने में मदद
इस दौरान राजद कार्यकर्ताओं ने घाट की सफाई व्यवस्था में भी सहयोग दिया और व्रतियों को सुरक्षित ढंग से अर्घ्य देने में मदद की। कार्यक्रम में पूर्व जिलाध्यक्ष प्रमोद पंडित, अल्पसंख्यक सेल के जिलाध्यक्ष जमील अख्तर, चंचल सिंह, ललित यादव समेत कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा और सौहार्द का अद्भुत दृश्य देखने को मिला। राजद की यह पहल स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी रही, क्योंकि इस बार राजनीति से ऊपर उठकर पार्टी ने “जनसेवा” को प्राथमिकता दी।
ये भी पढ़े – CJI : भारत को जल्द मिलेगा नया CJI, जस्टिस सूर्यकांत बन सकते हैं देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश

