Anurag thakur : भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने शनिवार को एक कार्यक्रम के दौरान हनुमान जी को पहला अंतरिक्ष यात्री करार दिया। यह बयान उन्होंने हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के पीएम श्री स्कूल में राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर छात्रों से संवाद करते हुए दिया।
अनुराग ठाकुर ने क्या कहा
अनुराग ठाकुर ने छात्रों से पूछा कि अंतरिक्ष में यात्रा करने वाला पहला व्यक्ति कौन था? हालांकि छात्रों के उत्तर अस्पष्ट थे, तब अनुराग ठाकुर ने मुस्कुराते हुए खुद जवाब दिया कि मुझे तो लगता है हनुमान जी थे। उन्होंने यह भी कहा कि हमारे पास हज़ारों साल पुरानी परंपराएं, ज्ञान और संस्कृति हैं। जब तक हम इनसे जुड़ने का प्रयास नहीं करेंगे, हम वैसे ही रहेंगे जैसे अंग्रेजों ने हमें दिखाया था। यह टिप्पणी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर भी साझा की गई,जिसमें वीडियो के शीर्षक में लिखा गया कि पवनसुत हनुमान जी…पहले अंतरिक्ष यात्री।
पवनसुत हनुमान जी…पहले अंतरिक्ष यात्री। pic.twitter.com/WO5pG2hAqT
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) August 23, 2025
भारत के अंतरिक्ष मिशन और गगनयान की तैयारी
इस बीच,भारतीय अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में हाल ही में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई। ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला ने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) से सफलतापूर्वक वापसी की है। उन्होंने दिल्ली में एक प्रेस वार्ता के दौरान अपने अंतरिक्ष यात्रा अनुभव साझा करते हुए कहा कि भारत आज भी अंतरिक्ष से सबसे बेहतर दिखता है। शुभांशु शुक्ला ने भारत के आगामी अंतरिक्ष मिशन के बारे में बात करते हुए कहा कि हमारे मिशन बेहद सफल रहे हैं। हम अपने सभी तकनीकी उद्देश्यों को प्राप्त करने में सफल रहे हैं और बहुत जल्द हम भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (ISS) के लिए अपने मिशन को और भी प्रभावी बनाएंगे।
ये भी पढ़ें : इजराइल ने यमन की राजधानी सना पर किए हवाई हमले, हूथी ठिकानों और ऊर्जा केंद्रों को बनाया निशाना
शुभांशु शुक्ला ने Axiom-4 मिशन को उल्लेख करते हुए कहा कि इस तरह के मिशनों से न केवल तकनीकी ज्ञान हासिल होता है,बल्कि मानव अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव भी हमें कई अनमोल जानकारियां देता है। उन्होंने बताया कि इन जानकारियों का भारतीय अंतरिक्ष मिशन गगनयान और भविष्य के भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन के लिए बेहद उपयोगी होगा।
भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम की दिशा
भारत के अंतरिक्ष मिशन जैसे कि गगनयान,जो भारतीय अंतरिक्ष यात्री को अंतरिक्ष में भेजने की योजना है,देश की अंतरिक्ष यात्रा के क्षेत्र में एक नई दिशा की ओर इशारा कर रहे हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) अपने महत्वाकांक्षी गगनयान मिशन के साथ अंतरिक्ष में मानव मिशन को लागू करने की तैयारी कर रहा है। यह मिशन भारतीय अंतरिक्ष यात्रा में एक नया मील का पत्थर साबित हो सकता है।

