होम = State = गुजरात = एकतानगर में गूंजेगी एकता की आवाज़: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ऐतिहासिक जश्न की तैयारियाँ पूरी

एकतानगर में गूंजेगी एकता की आवाज़: सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर ऐतिहासिक जश्न की तैयारियाँ पूरी

by | Oct 28, 2025 | गुजरात

Gujarat News: 31 अक्टूबर भारत के इतिहास में एक अद्भुत तारीख! इस वर्ष का राष्ट्रीय एकता दिवस और भी खास है, क्योंकि देश मना रहा है अपने लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती। इस ऐतिहासिक अवसर पर गुजरात का एकतानगर पूरी तरह तैयार है भव्य समारोह की मेज़बानी के लिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी में होने वाले इस आयोजन के लिए राज्य सरकार ने महीनों पहले से विशाल तैयारियाँ की हैं। देशभर से आने वाले हजारों नागरिकों, अतिथियों और पुलिस बल के स्वागत के लिए एकतानगर को एक अस्थायी ‘मिनी सिटी’ के रूप में सजाया गया है।

क्या है तैयारियां

कार्यक्रम स्थल के आसपास कुल 11 विशाल डोम बनाए गए हैं इनमें से 7 डोम अतिथियों और आगंतुकों के लिए, 2 डोम पुलिस बल के लिए, और 2 डोम भोजन व्यवस्था के लिए तैयार किए गए हैं। इन डोम्स में 9000 से अधिक लोगों और 1400 पुलिस कर्मियों के ठहरने की आधुनिक सुविधा है। हर डोम में आरामदायक बिस्तर, मोबाइल चार्जिंग पॉइंट, लगेज स्पेस, स्वच्छ बाथरूम और नहाने की पूरी व्यवस्था की गई है। पुरुषों और महिलाओं के लिए अलग-अलग डॉर्मिटरी बनाए गए हैं। वेंटिलेशन, फायर सेफ्टी और सुरक्षा के पुख्ता इंतज़ामों के साथ ये डोम पूरी तरह आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हैं।

स्वच्छता पर इस आयोजन में विशेष ध्यान

आगंतुकों की सुविधा के लिए विशेष पंजीकरण केंद्र और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भी स्थापित किए गए हैं, जहाँ आने वाले हर मेहमान को स्वास्थ्य सेवाएँ और आवश्यक जानकारी प्रदान की जा रही है। स्वच्छता पर इस आयोजन में विशेष ध्यान दिया गया है। पूरे एकतानगर में आधुनिक शौचालय ब्लॉक, निरंतर सफाई और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की गई है। शहर के हर कोने को आकर्षक लाइटिंग, सजावट और फूलों से सजाया गया है, जिससे पूरा नगर अब एकता के त्योहार में रंगा हुआ नजर आ रहा है।

कैसी होगी यातायात की सुविधा

यातायात व्यवस्था के लिए 174 बसों की पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। सरदार साहेब की 150वीं जयंती का यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि उस अटूट इच्छाशक्ति और राष्ट्रभक्ति का उत्सव है, जिसने भारत को एक सूत्र में पिरोया। एकतानगर आज सचमुच बन चुका है ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ की जीवंत मिसाल।

ये भी पढ़े – CJI : भारत को जल्द मिलेगा नया CJI, जस्टिस सूर्यकांत बन सकते हैं देश के 53वें मुख्य न्यायाधीश

बंगाल