Yumuna Bank : दिल्ली-एनसीआर के यात्रियों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। यमुना नदी में लगातार बढ़ते जलस्तर की वजह से दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन को आम लोगों की आवाजाही के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। हालांकि, इंटरचेंज की सुविधा स्टेशन पर उपलब्ध रहेगी।
यात्रियों की बढ़ी परेशानी
यमुना बैंक स्टेशन दिल्ली मेट्रो की ब्लू लाइन पर एक बड़ा इंटरचेंज प्वाइंट है। यहां से दो बड़े रूट जुड़ते हैं। वैशाली की ओर जाने वाला मार्ग जैसे लक्ष्मी नगर, कड़कड़डूमा और आनंद विहार होते हुए वैशाली (गाजियाबाद) तक जाता है। इसी रूट पर आनंद विहार टर्मिनल रेलवे स्टेशन और बस अड्डा पड़ते हैं, जहां रोज हजारों यात्री पहुंचते हैं।
नोएडा की ओर जाने वाला मार्ग जैसे अक्षरधाम, मयूर विहार होते हुए नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी तक जाता है। नोएडा देश के प्रमुख ITO और कॉर्पोरेट हब में गिना जाता है, जहां रोजाना लाखों लोग काम के लिए यात्रा करते हैं। यमुना बैंक स्टेशन बंद होने से गाजियाबाद और नोएडा से आने-जाने वाले यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। खासकर ऑफिस टाइम में यात्रियों को ज्यादा परेशानी झेलनी पड़ेगी।
क्या है DMRC का बयान?
DMRC ने आधिकारिक बयान जारी करते हुए कहा “यमुना नदी के बढ़ते जलस्तर के चलते यमुना बैंक मेट्रो स्टेशन तक जाने वाला एक्सेस रोड अभी सुरक्षित नहीं है। यात्रियों से अनुरोध है कि वे यात्रा की योजना वैकल्पिक मार्गो के अनुसार बनाए। फिलहाल इंटरचेंज सेवा स्टेशन पर उपलब्ध है।”
बाढ़ का असर आसपास के इलाकों पर भी
यमुना (Yumuna Bank) का पानी लगातार रिहायशी इलाकों में घुस रहा है। प्रभावित इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया जा रहा है। सरकार की ओर से राहत कैंप और टेंट लगाए गए हैं, जहां बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चों के लिए रहने और खाने-पीने की व्यवस्था की गई है। दिल्ली MCD की टीम मच्छरों से बचाव के लिए कीटनाशक का छिड़काव भी कर रही है।
कई लोग अभी भी अपने घर छोड़कर नहीं गए हैं, खासकर वे परिवार जिनके घर ऊंचाई वाले हिस्सों में बने हुए हैं। हालांकि प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील कर रहा है।
ये भी पढ़े : Flood Havoc In Delhi : यमुना का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर, सचिवालय और राहत कैंप डूबे
यात्रियों के लिए सलाह
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे वैशाली और नोएडा की ओर जाने वाले वैकल्पिक मेट्रो रूट्स का उपयोग करें और यात्रा से पहले दिल्ली मेट्रो की ताजा अपडेट जरूर चेक करें।

