Delhi Traffic Alert: दिल्ली आने-जाने वालों के लिए अगले सात दिन बेहद मुश्किल साबित हो सकते हैं। राजधानी में ट्रैफिक पुलिस ने 19 नवंबर से 25 नवंबर तक भारी भीड़ और लंबे जाम की आशंका जताते हुए विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वजह है श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी के 350वें शहीदी दिवस पर लाल किले में आयोजित होने वाला विशाल कार्यक्रम, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं और कई वीवीआईपी के पहुंचने की संभावना है। शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक पूरे हफ्ते डायवर्जन लागू रहेगा, इसलिए दिल्ली के बीचों-बीच से सफर करने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
क्या-क्या रहेगा बंद और कहाँ-कहाँ होगा डायवर्जन?
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, अगले सात दिनों में शाम 4 बजे से रात 11 बजे तक नेताजी सुभाष मार्ग और निषाद राज मार्ग पर वाहनों के लिए कड़े प्रतिबंध रहेंगे। छत्ता रेल चौक और दिल्ली गेट की तरफ से आने वाली बसें और कमर्शियल गाड़ियां को जीपीओ चौक/दिल्ली गेट चौक से रिंग रोड की तरफ मोड़ दिया जाएगा। भीड़ बढ़ने पर छत्ता रेल चौक, शांति वन चौक, टी-पॉइंट सुभाष मार्ग, हनुमान मंदिर क्रॉसिंग और जीपीओ चौक पर भी अचानक डायवर्जन लागू किया जा सकता है। ट्रैफिक पुलिस ने साफ कहा है कि 19 से 25 नवंबर तक इन रूट्स से बचना ही बेहतर है, क्योंकि लाल किले के आसपास ट्रैफिक बहुत ज्यादा रहने वाला है।
किन रास्तों से बचें?
यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे इन मार्गों से दूरी बनाएं-
नेताजी सुभाष मार्ग
निषाद राज मार्ग
एसपीएम मार्ग
लोथियन रोड
बुलेवार्ड रोड
रिंग रोड (राजघाट से चंदगीराम अखाड़ा तक)
इन सड़कों पर पूरे सप्ताह भारी जाम का अनुमान है।
कौन से रास्ते बनेंगे लाइफलाइन?
गाड़ियों की आवाजाही सुचारू रखने के लिए पुलिस ने वैकल्पिक मार्ग सुझाए हैं-
पुस्ता रोड
विकास मार्ग
सलीमगढ़ बाईपास
रानी झांसी रोड
इन रास्तों का इस्तेमाल कर लोग जाम से काफी हद तक बच सकते हैं।
लाल किला और चांदनी चौक आने वालों के लिए पार्किंग गाइड
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई स्थानों पर पार्किंग की व्यवस्था की गई है
परेड ग्राउंड पार्किंग (नेताजी सुभाष मार्ग)
एएसआई पार्किंग (लाल किला, निषाद राज मार्ग)
अंगूरी बाग रोड स्थित एएसआई पार्किंग
दंगल मैदान (एसपीएम मार्ग)
ओमेक्स मॉल (एचसी सेन रोड) चर्च मिशन रोड पार्किंग
शांति वन क्रॉसिंग के पास सर्विस रोड
पुलिस ने साफ निर्देश दिए हैं कि सड़क किनारे पार्किंग बिल्कुल न करें, इससे जाम और अधिक बढ़ सकता है।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनुरोध किया है कि अगले सात दिनों तक यात्रा की योजना सोच-समझकर बनाएं, वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और कार्यक्रम स्थल के आसपास गैर-जरूरी यात्रा से बचें।

