IPL 2026: IPL 2026 में मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में ऐसा दांव खेला, जिसने मैच की दिशा ही बदल दी। टीम मैनेजमेंट ने इस बार अपने सबसे भरोसेमंद तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को पारी की शुरुआत करने की जिम्मेदारी सौंपी और उन्होंने पहली ही गेंद पर विकेट लेकर इस फैसले को मास्टरस्ट्रोक साबित कर दिया।
पलटा पूरा खेल
गुजरात के खिलाफ मुकाबले में बुमराह ने बिना समय गंवाए शुरुआती झटका दिया और साई सुदर्शन को पहली ही गेंद पर पवेलियन भेज दिया। यह विकेट सिर्फ एक सफलता नहीं था, बल्कि पूरे मैच का टोन सेट करने वाला पल बन गया। इससे पहले सीजन के शुरुआती मैचों में मुंबई इंडियंस ने नए गेंदबाजों के तौर पर दीपक चाहर और ट्रेंट बोल्ट पर भरोसा जताया था, लेकिन टीम को अपेक्षित सफलता नहीं मिली। शुरुआती ओवरों में विकेट ना मिलने से विपक्षी टीमें मजबूत शुरुआत करती रहीं और मुंबई दबाव में नजर आई।
लेकिन इस बार रणनीति बदली गई। बुमराह को नई गेंद के साथ लाकर विरोधी टीम को शुरुआत से ही झटका देने की योजना बनाई गई और यह योजना पूरी तरह सफल रही। नई गेंद से मिलने वाली स्विंग का फायदा उठाते हुए बुमराह ने बल्लेबाजों को संभलने का मौका ही नहीं दिया।
बल्लेबाजों पर दबाव
पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने इस फैसले की सराहना करते हुए कहा कि पहले ओवर में विकेट मिलना किसी भी टीम के आत्मविश्वास को कई गुना बढ़ा देता है। उनका मानना है कि शुरुआती सफलता से फील्डिंग टीम की बॉडी लैंग्वेज पूरी तरह बदल जाती है। क्रिकेट विश्लेषक अभिनव मुकुंद ने भी इस रणनीति को आधुनिक टी20 क्रिकेट के लिहाज से सटीक बताया। उनके अनुसार, पहले ओवर में आक्रामक गेंदबाजी से बल्लेबाजों पर दबाव बनाया जा सकता है, खासकर तब जब मिडिल ओवर्स में स्पिनर्स का इस्तेमाल करना हो।
बदली मैच की तस्वीर
इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने दो स्पिनरों के साथ उतरकर अपनी रणनीति को और मजबूत किया। 199 रनों के लक्ष्य का बचाव करते हुए बुमराह का शुरुआती विकेट टीम के लिए निर्णायक साबित हुआ और पूरे मैच में मुंबई का पलड़ा भारी रहा। गौरतलब है कि मुंबई इंडियंस ने 2020 के बाद से कोई खिताब नहीं जीता है। ऐसे में बुमराह को नई गेंद सौंपना न सिर्फ एक रणनीतिक बदलाव है, बल्कि पुराने सफल फॉर्मूले की वापसी का संकेत भी माना जा रहा है।
बदलते टी20 ट्रेंड्स और नए नियमों के बीच यह साफ हो गया है कि सही समय पर लिया गया एक फैसला पूरे मैच की तस्वीर बदल सकता है और इस बार यह कमाल बुमराह ने कर दिखाया।
ये भी पढे़ं: कोच का गुस्सा, कप्तान का मजाक, शशांक के कैच ड्रॉप ने बनाया माहौल, वायरल हुआ PBKS का ये दिलचस्प VIDEO

