होम = Others = अब घर पर खाना मंगवाना और भी होगा महंगा…इस कंपनी ने बढ़ाया प्लेटफॉर्म फीस

अब घर पर खाना मंगवाना और भी होगा महंगा…इस कंपनी ने बढ़ाया प्लेटफॉर्म फीस

by | Aug 15, 2025 | Others

Online Food platform fee : देश की प्रमुख फूड डिलीवरी कंपनी स्विगी ने अपने प्लेटफॉर्म फीस में इजाफा कर दिया है। अब से ग्राहकों को हर फूड डिलीवरी ऑर्डर पर 14 रुपये चुकाने होंगे, जो पहले 12 रुपये हुआ करते थे। मनी कंट्रोल की एक रिपोर्ट के मुताबिक,कंपनी ने 2 रुपये की बढ़ोतरी की है। हालांकि यह बढ़ोतरी ग्राहकों के लिए मामूली हो सकती है, लेकिन स्विगी जैसे प्लेटफॉर्म के लिए यह आर्थिक रूप से फायदेमंद साबित होती है। हर ऑर्डर पर 2 रुपये की अतिरिक्त आमदनी से कंपनी की वित्तीय स्थिति में सुधार की संभावना जताई जा रही है।

2023 से शुरू हुई थी प्लेटफॉर्म फीस

स्विगी ने अप्रैल 2023 में पहली बार प्लेटफॉर्म फीस लेना शुरू किया था, जो तब 2 रुपये थी। समय के साथ यह शुल्क धीरे-धीरे बढ़ाया गया, लेकिन इसका कंपनी के ऑर्डर वॉल्यूम पर कोई खास असर नहीं पड़ा। स्विगी और जोमैटो जैसी कंपनियों के लिए प्लेटफॉर्म फीस एक बड़ा रेवेन्यू स्रोत बन चुका है।

हर दिन 20 लाख ऑर्डर

वर्तमान में स्विगी पर रोजाना लगभग 20 लाख ऑर्डर होते हैं। ऐसे में 2 रुपये की अतिरिक्त फीस से कंपनी को हर दिन 40 लाख रुपये, हर तिमाही में 8.4 करोड़ रुपये और सालाना 33.6 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी हो सकती है।हालांकि यह अनुमान है और संभव है कि त्योहारों के बाद कंपनी इस फीस में बदलाव कर सकती है।

घाटे में स्विगी तो मुनाफे में जोमैटो

स्विगी ने 31 जुलाई को अपने तिमाही नतीजे जारी किए। इस दौरान कंपनी का शुद्ध घाटा 1,197 करोड़ रुपये रहा, जो पिछले साल की इसी तिमाही के 611 करोड़ रुपये के घाटे की तुलना में 96 प्रतिशत अधिक है। इसके विपरीत जोमैटो ने पहली तिमाही में 25 करोड़ रुपये का नेट प्रॉफिट दर्ज किया,जिसमें सालाना आधार पर 90 प्रतिशत की बढ़ोतरी देखी गई। इस दौरान जोमैटो का रेवेन्यू 7,167 करोड़ रुपये रहा।