होम = Breaking = कोलंबिया में चुनाव से पहले बम धमाके ने मचाई तबाही, अब तक 14 की मौत, 38 घायल

कोलंबिया में चुनाव से पहले बम धमाके ने मचाई तबाही, अब तक 14 की मौत, 38 घायल

Deadly highway blast in Colombia: कोलंबिया में राष्ट्रपति चुनाव से कुछ हफ्ते पहले हिंसा की एक बड़ी घटना सामने आई है। शनिवार को देश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में हाईवे पर हुए बम विस्फोट में कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई, जबकि 38 से अधिक लोग घायल हो गए। इस हमले ने चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर चिंताएं खड़ी कर दी हैं।

वाहनों का जाम लगाकर किया गया विस्फोट

जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने पहले एक बस और अन्य वाहन खड़ा कर सड़क को जाम किया, इसके बाद वहां जोरदार विस्फोट किया गया। यह घटना काउका इलाके में हुई, जो लंबे समय से हिंसा और अशांति के लिए जाना जाता है। यह क्षेत्र कोका की खेती के लिए भी कुख्यात है, जिससे जुड़े अवैध कारोबार के कारण यहां अक्सर हिंसक घटनाएं सामने आती रहती हैं।

राष्ट्रपति ने घटना की निंदा की और कार्रवाई के आदेश दिए

सरकारी अधिकारियों ने इस हमले के लिए फार्क (FARC) के अलग हो चुके गुटों को जिम्मेदार ठहराया है। गुस्तावो पेट्रो ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को “आतंकवादी और ड्रग तस्कर” बताया और सेना को उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बीते 2 दिनों में 26 से ज्यादा हमले की हुई घटना

काउका के गवर्नर ने बताया कि मृतकों में पांच नाबालिग भी शामिल हैं, जबकि राहत और बचाव टीमें अभी भी लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि कई वाहन पलट गए और सड़क पर बड़ा गड्ढा बन गया। यह हमला हाल के दिनों में बढ़ती हिंसा की कड़ी का हिस्सा है। पिछले दो दिनों में ही दक्षिण-पश्चिमी कोलंबिया में 26 से अधिक हमले दर्ज किए गए हैं, जिनमें पुलिस स्टेशन पर गोलीबारी और एक रडार केंद्र पर हमला भी शामिल है। सुरक्षा बलों ने कुछ विस्फोटक ड्रोन को भी नष्ट करने में सफलता हासिल की है।

Tags : Colombia