होम = Others = नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर गेहूं से भरा ट्रक पलटा, घंटों तक लगा जाम, ऑफिस जाने वाले हुए परेशान

नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर गेहूं से भरा ट्रक पलटा, घंटों तक लगा जाम, ऑफिस जाने वाले हुए परेशान

by | Jul 31, 2025 | Others

Noida Traffic : नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सेक्टर 128 के पास गेहूं से भरा एक ट्रक अचानक पलट गया। यह ट्रक परी चौक से महामाया फ्लाईओवर की ओर जा रहा था। ट्रक के पलटने के कारण एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की रफ्तार थम गई। इस दौरान सैकड़ों वाहन जाम में फंसे रहे और हजारों लोग खासा परेशान नजर आए। शहर में जाम से बचने के लिए ट्रैफिक पुलिस लगातार सड़कों पर मिलती है। वाहन का दबाव इतना होता है कि उनको काबू करना मुश्किल हो जाता है। इसी को देखते हुए सेक्टर-63 के पास की सड़क को चोड़ा किया जा रहा है।

हादसे के बाद जाम लगा

हादसे की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। सड़क पर गेहूं फैल जाने के कारण ट्रैफिक सुचारु करना चुनौतीपूर्ण हो गया। पुलिसकर्मी न सिर्फ ट्रक को साइड कराने में जुटे रहे, बल्कि सड़क पर बिखरे गेहूं को हटाने में भी मशक्कत करते नजर आए। जाम की वजह से कई लोग अपने कार्यालयों, स्कूलों और अन्य जरूरी कामों के लिए समय से नहीं पहुंच सके। एक्सप्रेसवे के इस रूट पर सुबह के समय ट्रैफिक आमतौर पर भारी रहता है, लेकिन ट्रक के पलटने से हालात और भी बिगड़ गए।

ट्रक को हटाकर ट्रैफिक सामान्य करने की कोशिश की

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ट्रक को हटाकर ट्रैफिक सामान्य करने की कोशिश की जा रही है। क्रेन और हाइड्रा मशीनों की मदद से ट्रक को सड़क से हटाया गया है, लेकिन सड़क पर बिखरा गेहूं अभी भी रुकावट बना हुआ है। सड़क की सफाई के बाद ही सामान्य यातायात बहाल किया जा सकेगा। फिलहाल ट्रक के पलटने का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक की रफ्तार अधिक थी, तो वहीं कुछ लोगों का मानना है कि संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रक पलटा। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही सही कारण स्पष्ट हो सकेगा। इस घटना ने एक बार फिर से एक्सप्रेसवे पर ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार के खतरों को उजागर कर दिया है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि ऐसे हादसों की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।

ये भी पढ़े – नोएडा में तेज रफ्तार का कहर : XUV 500 ने मारी मंदिर और वाहनों को टक्कर, कई लोग घायल

Tags : noida news