World Malaria Day 2026: हर साल 25 अप्रैल को दुनिया भर में विश्व मलेरिया दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य केवल एक बीमारी की जानकारी देना नहीं, बल्कि लोगों को मलेरिया के खतरे, रोकथाम और समय पर इलाज के प्रति जागरूक करना है। गर्मी और बारिश के मौसम में मच्छरों की बढ़ती संख्या के कारण यह बीमारी तेजी से फैलती है और गंभीर रूप ले सकती है।
कब और कैसे हुई थी शुरुआत
इस दिवस की शुरुआत वर्ष 2007 में विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा की गई थी। इससे पहले इसे अफ्रीका मलेरिया दिवस के रूप में मनाया जाता था, लेकिन बाद में इसे वैश्विक स्तर पर विस्तार दिया गया ताकि सभी देश मिलकर इस बीमारी के खिलाफ एकजुट हो सकें। इसका मुख्य लक्ष्य जागरूकता बढ़ाना, समय पर जांच को प्रोत्साहित करना और सही इलाज तक पहुंच सुनिश्चित करना है।
2026 की थीम “Driven to End Malaria: Now We Can. Now We Must.” यह संदेश देती है कि अब मलेरिया को खत्म करने के लिए हमारे पास जरूरी तकनीक, संसाधन और वैक्सीन मौजूद हैं। ऐसे में अब देरी नहीं, बल्कि तुरंत और मजबूत कदम उठाने का समय है।
सरल लेकिन जरूरी उपाय
मलेरिया से बचाव के लिए कुछ सरल लेकिन जरूरी उपाय अपनाए जा सकते हैं। जैसे मच्छरदानी का उपयोग करना, घर और आसपास पानी जमा न होने देना, शाम के समय पूरे कपड़े पहनना और मच्छर भगाने वाली क्रीम का इस्तेमाल करना। बुखार, ठंड लगना या कमजोरी जैसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराना बेहद जरूरी है।
सही समय पर पहचान और इलाज से मलेरिया पूरी तरह ठीक हो सकता है। यह दिवस हमें याद दिलाता है कि थोड़ी सावधानी और जागरूकता से एक गंभीर बीमारी को भी हराया जा सकता है।
ये भी पढ़ें: गर्मी में कोल्ड ड्रिंक पीना पड़ सकता है भारी, जानिए क्यों कोल्ड ड्रिंक से रहें दूर

