Top News Today: पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज ब्राजील पहुंच गए हैं। प्रधानमंत्री मोदी चार दिनों तक यहां रुकेंगे, जहां वो BRICS शिखर सम्मेलन में भी भाग लेंगे। इधर अरबपति एलन मस्क ने नई पार्टी की गठन का ऐलान किया है। शनिवार को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर मस्क ने नई पार्टी के गठन की जानकारी दी। आइये जानते हैं आज की बड़ी ख़बरों के बारे में-
BRICS सम्मेलन में भाग लेने ब्राजील पहुंचे मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों की यात्रा के चौथे चरण में आज ब्राजील पहुंचे। वो ब्रिक्स सम्मिट में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री मोदी के आगमन पर भारतवंशियों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। एयरपोर्ट पहुँचने के बाद प्रधानमंत्री प्रवासी भारतीय लोगों से मिले। उन्होंने एक बच्चे को दुलारा भी। इस बार सम्मलेन में चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूसी राष्ट्रपति व्लामिदिर पुतिन भाग नहीं लेंगे।
मस्क ने बनाई अमेरिका पार्टी
डोनाल्ड ट्रंप से तनातनी के बीच अरबपति एलन मस्क ने नई पार्टी का गठन कर लिया है। शनिवार रात में उन्होंने एक्स पर ‘अमेरिका पार्टी’ का ऐलान किया। लिखा कि आज अमेरिका पार्टी का गठन हो रहा है, ताकि आपको आपकी आजादी मिल सके। अमेरिका की दोनों पुरानी पार्टी रिपब्लिकन और डेमोक्रेट एक जैसी ही हैं। अब देश को दो पार्टी सिस्टम से आजादी मिल जाएगी। अमेरिका को बर्बाद करने में दोनों का हाथ है। मालूम हो कि मस्क ट्रंप के चर्चित बिग ब्यूटीफुल बिल का विरोध कर रहे थे।
अमेरिका में भारी बारिश
अमेरिका के टेक्सास में भारी बारिश और बाढ़ ने तबाही मचा रखी है। बारिश के बाद आये बाढ़ में अब तक 49 लोगों की मौत हो चुकी है। रेस्क्यू ऑपरेशन में पेड़ों पर फंसे 850 से ज्यादा लोगों को बचाया गया है। 27 लोग लापता हैं। अमेरिका में कुछ देर की बारिश के बाद ग्वाडालूप नदी का जलस्तर बढ़ गया और इसके बाद कई राज्य इसकी चपेटे में आ गए।
बर्मिंघम टेस्ट जीतने से 7 विकेट दूर टीम इंडिया
भारतीय टीम बर्मिंघम टेस्ट जीतने से सिर्फ 7 विकेट दूर है। आज आखिरी दिन इंग्लैंड को 90 ओवर में 536 रन बनाने हैं। भारत ने अपनी दूसरी पारी चौथे दिन 427 रनों पर घोषित की थी। इंग्लैंड को टोटल 603 रनों का टारगेट दिया था। इंग्लिश टीम दूसरी पारी में 72 रनों पर 3 विकेट गंवा चुकी है। भारत यह मैच जीतकर सीरीज में बराबरी करना चाहेगा। अगर भारत नहीं जीतता है तो मुकाबला ड्रा हो सकता है।
15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
भारत के कई राज्यों में भारी बारिश की वजह से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड समेत पहाड़ी राज्यों में बारिश आफत बनकर बरस रही। हिमाचल में बारिश, भूस्खलन और बादल फटने से अब तक 75 लोगों की जान जा चुकी है। यूपी, मध्य प्रदेश, दिल्ली , छत्तीसगढ़ समेत 15 राज्यों में बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है।

