Railway Diwali Bonus 2025 : केंद्रीय मंत्रिमंडल ने रेलवे कर्मचारियों के लिए बड़ा ऐलान किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में बुधवार (24 सितंबर 2025) को हुई कैबिनेट बैठक में 10.91 लाख से अधिक रेल कर्मचारियों को 78 दिनों का बोनस देने का फैसला किया गया। इसके लिए 1865.68 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। सरकार ने कहा है कि यह भुगतान दिवाली से पहले कर दिया जाएगा।
कौन-कौन से कर्मचारियों को मिलेगा लाभ?
यह बोनस रेलवे के ट्रैक मेंटेनर, लोको पायलट, गार्ड (ट्रेक मैनेजर), स्टेशन मास्टर, सुपरवाइजर, टेक्नीशियन, टेक्नीशियन हेल्पर, पॉइंट्समैन, रेलवे मंत्रालय के कर्मचारी और अन्य ग्रुप के कर्मचारियों को मिलेगा।
बिहार को डबल लेन रेलवे और नई सड़क परियोजना
- कैबिनेट ने बिहार में बख्तियारपुर-राजगीर-तिलैया रेलवे लाइन को डबल लेन करने की मंजूरी दी है। इस परियोजना पर 2,192 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
- इसकी लंबाई 104 किलोमीटर होगी।
- यह चार जिलों को जोड़ेगी और गया-नवादा समेत प्रमुख स्थानों तक कनेक्टिविटी बढ़ाएगी।
- डबल लाइन बनने से राजगीर (शांति स्तूप), नालंदा और पावापुरी जैसे प्रमुख धार्मिक व पर्यटन स्थलों तक पहुंच और आसान होगी।
- इसके अलावा, बिहार में NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड के निर्माण को भी मंजूरी मिली है। यह सड़क 78.942 किलोमीटर लंबी होगी और इस पर 3,822.31 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
शिपबिल्डिंग सेक्टर को 69,725 करोड़ का पैकेज
कैबिनेट ने शिपबिल्डिंग और मरीन सेक्टर को मजबूत बनाने के लिए 69,725 करोड़ रुपये के पैकेज को मंजूरी दी है। इसके तहत चार बड़े कदम उठाए जाएंगे:
शिपबिल्डिंग फाइनेंशियल असिस्टेंस स्कीम
मैरीटाइम डेवलपमेंट फंड
शिपबिल्डिंग डेवलपमेंट स्कीम
लीगल, पॉलिसी और प्रोसेस रिफॉर्म्स
मेडिकल छात्रों के लिए खुशखबरी
मेडिकल की पढ़ाई करने वाले छात्रों को भी बड़ा तोहफा मिला है। कैबिनेट ने:
5000 नई पोस्ट ग्रेजुएट मेडिकल सीटें
5023 नई MBBS सीटें
मंजूर की हैं। इससे मेडिकल शिक्षा के क्षेत्र में बड़ा विस्तार होगा और डॉक्टरों की उपलब्धता भी बढ़ेगी।

