होम = देश = Dusshera 2025 : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विजयादशमी पर पाक को दी कड़ी चेतावनी, बोले…

Dusshera 2025 : रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने विजयादशमी पर पाक को दी कड़ी चेतावनी, बोले…

by | Oct 2, 2025 | देश

Dusshera 2025 : गुजरात के कच्छ में विजयादशमी के मौके पर शस्त्र पूजन कार्यक्रम में हिस्सा लेते हुए रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने पाकिस्तान को एक बार फिर कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान पाकिस्तान ने भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की कोशिश की थी, लेकिन भारतीय सेना ने उसे करारा जवाब दिया।’

ऑपरेशन सिंदूर में पाक की नाकाम कोशिश

रक्षामंत्री ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान ने लेह से लेकर सर क्रीक तक भारत के डिफेंस सिस्टम को भेदने की कोशिश की, लेकिन हमारी सेनाओं ने पाकिस्तानी एयर डिफेंस सिस्टम को पूरी तरह एक्सपोज कर दिया। इससे दुनिया को संदेश गया कि भारत की सेनाएं जब चाहें, जहां चाहें और जैसे चाहें, पाकिस्तान को भारी नुकसान पहुंचा सकती हैं।”

सर क्रीक इलाके में पाक का बढ़ता इंफ्रास्ट्रक्चर

राजनाथ सिंह ने सर क्रीक इलाके में बढ़ते पाकिस्तानी इंफ्रास्ट्रक्चर पर चिंता जताई। उन्होंने कहा, “आजादी के 78 साल बाद भी सर क्रीक में सीमा विवाद खड़ा किया जाता है। भारत ने बातचीत के रास्ते से समाधान करने का प्रयास किया, लेकिन पाकिस्तान की नीयत साफ नहीं है। हाल ही में पाकिस्तान ने सर क्रीक से सटे इलाकों में अपना मिलिट्री इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़ाया, जो उसकी मंशा स्पष्ट करता है।”

कराची का रास्ता सर क्रीक से गुजरता है

रक्षामंत्री ने कहा, “भारत की सीमाओं की रक्षा भारतीय सेना और BSF मिलकर मुस्तैदी से कर रही हैं। अगर सर क्रीक इलाके में पाकिस्तान की ओर से कोई भी हिमाकत की गई तो उसे ऐसा करारा जवाब मिलेगा कि इतिहास और भूगोल दोनों बदल जाएंगे। पाकिस्तान को याद रखना चाहिए कि कराची का एक रास्ता क्रीक से होकर गुजरता है।”

ये भी पढ़े : Vijayadashami 2025 : राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री ने देशवासियों को दी शुभकामनाएं, जानें क्या दिया संदेश