Banda Road Accident: उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में मंगलवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. बिसण्डा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार ट्रक पहले एक साइकिल सवार को टक्कर मारते हुए आगे बढ़ गया और फिर अनियंत्रित होकर एक ई-रिक्शा पर पलट गया. इस दर्दनाक हादसे में छह लोगों की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है.
साइकिल सवार को कुचलने के बाद भागा ट्रक
जानकारी के मुताबिक, बिसण्डा-ओरन मार्ग पर मंगलवार को तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर जा रहे एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि साइकिल चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर वहां से भागने की कोशिश करने लगा.
अनियंत्रित होकर ई-रिक्शा पर पलटा ट्रक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज गति के कारण चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख सका. कुछ दूर जाने के बाद ट्रक सड़क किनारे चल रहे एक ई-रिक्शा पर पलट गया. ई-रिक्शा में कई लोग सवार थे. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही तीन लोगों की मौत हो गई और कई यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए.
अस्पताल में इलाज के दौरान दो और मौतें
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया. इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया. इसके बाद मृतकों की संख्या बढ़कर छह हो गई. वहीं चार घायल अब भी अस्पताल में भर्ती हैं, जहां डॉक्टर उनकी हालत पर नजर बनाए हुए हैं.
मौके पर पहुंची पुलिस, जांच शुरू
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंच गई. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है. जिलाधिकारी अमित आसेरी ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई.
ये भी पढ़ें: ईरान के ‘सीक्रेट डील’ दावे पर ट्रंप का बड़ा बयान, कहा- सब कुछ फर्जी

