होम = लाइफस्टाइल = Vitamin Deficiency: थकान, बदन दर्द और चक्कर को न करें नजरअंदाज, हो सकती है इन विटामिनों की कमी

Vitamin Deficiency: थकान, बदन दर्द और चक्कर को न करें नजरअंदाज, हो सकती है इन विटामिनों की कमी

Vitamin Deficiency: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित दिनचर्या, गलत खानपान और धूप से दूरी के कारण शरीर में पोषक तत्वों की कमी आम होती जा रही है। खासतौर पर विटामिन D3 और विटामिन B12 की कमी बड़ी संख्या में लोगों में देखी जा रही है। अक्सर लोग लगातार थकान, शरीर में दर्द या चक्कर आने जैसे लक्षणों को सामान्य समझकर टाल देते हैं, जबकि ये संकेत शरीर में जरूरी विटामिन की कमी की ओर इशारा कर सकते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि समय रहते इन लक्षणों पर ध्यान न दिया जाए, तो आगे चलकर गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है।

क्यों जरूरी है विटामिन D3?

विटामिन D3 को हड्डियों और मांसपेशियों की मजबूती के लिए बेहद अहम माना जाता है। यह शरीर में कैल्शियम के अवशोषण में मदद करता है, जिससे हड्डियां मजबूत रहती हैं। इसके अलावा, यह इम्यून सिस्टम को भी सपोर्ट करता है। अगर शरीर में इसकी कमी हो जाए, तो हड्डियों में कमजोरी, जोड़ों का दर्द और बार-बार बीमार पड़ने जैसी समस्याएं सामने आ सकती हैं।

शरीर में Vitamin D3 की कमी कैसे होती है?

एक्सपर्ट्स के अनुसार, धूप में कम निकलना, लगातार सनस्क्रीन का इस्तेमाल और संतुलित आहार न लेना विटामिन D3 की कमी का प्रमुख कारण है। अगर लंबे समय तक इस कमी को नजरअंदाज किया जाए, तो ऑस्टियोपोरोसिस, फ्रैक्चर और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है।

विटामिन B12 की कमी क्यों है खतरनाक?

विटामिन B12 शरीर की नसों को स्वस्थ रखने, रेड ब्लड सेल्स बनाने और दिमागी कार्यों के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी का असर सिर्फ शरीर पर ही नहीं, बल्कि मानसिक स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।

Vitamin B12 कम होने पर क्या समस्याएं होती हैं?

डॉक्टरों के मुताबिक, विटामिन B12 की कमी से अत्यधिक थकान, याददाश्त कमजोर होना, हाथ-पैरों में झनझनाहट और एनीमिया जैसी समस्याएं हो सकती हैं। विशेषज्ञ बताते हैं कि शाकाहारी लोगों में इसकी कमी अधिक पाई जाती है, क्योंकि यह विटामिन मुख्य रूप से मांसाहारी खाद्य पदार्थों में पाया जाता है। गंभीर स्थिति में नर्व डैमेज का खतरा भी रहता है।

विटामिन B12 की कमी के संकेत

शरीर में विटामिन B12 की कमी होने पर ये लक्षण दिख सकते हैं

लगातार थकान और कमजोरी

शरीर और जोड़ों में दर्द

मूड स्विंग्स और डिप्रेशन

बार-बार बीमार पड़ना

चक्कर आना और ध्यान लगाने में परेशानी

विशेषज्ञ यह भी बताते हैं कि ज्यादा तनाव लेने वाले लोगों में भी इन दोनों विटामिन्स की कमी देखने को मिल सकती है।

कैसे करें बचाव?

इन विटामिन्स की कमी की पुष्टि के लिए सबसे पहले ब्लड टेस्ट कराया जाता है। इसके लिए डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर इलाज तय किया जाता है, जिसमें डाइट सुधार, सप्लीमेंट्स या जरूरत पड़ने पर इंजेक्शन भी शामिल हो सकते हैं।

विटामिन D और B12 बढ़ाने के नेचुरल तरीके

रोजाना 15 से 20 मिनट धूप में समय बिताएं

दूध, दही, अंडे और फोर्टिफाइड फूड्स को डाइट में शामिल करें

संतुलित और पोषक आहार लें

अगर समय रहते इन विटामिन्स की कमी को पहचान लिया जाए, तो कई गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं से बचा जा सकता है। इसलिए शरीर के संकेतों को समझें और जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

ये भी पढ़ें : Weight Loss Winter Food: सर्दियों में ऐसे कम करें वजन, ये फूड्स रखेंगे आपको फिट और गर्म

बंगाल