होम = लाइफस्टाइल = बिना सोचे-समझे न लें एसिडिटी की गोलियां: किडनी, हड्डियों और दिमाग को हो सकता है नुकसान

बिना सोचे-समझे न लें एसिडिटी की गोलियां: किडनी, हड्डियों और दिमाग को हो सकता है नुकसान

Acidity Medicine Side Effects: आजकल के तेज़ और बिजी लाइफस्टाइल में पेट की जलन और गैस की समस्या आम होती जा रही है। लोग तुरंत राहत पाने के लिए एसिडिटी की गोलियां (PPI) लेने लगते हैं। हालांकि, विशेषज्ञ चेतावनी दे रहे हैं कि लंबे समय तक बिना डॉक्टर की सलाह के इन दवाओं का सेवन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।

एसिडिटी की गोलियां कैसे काम करती हैं

ओमेप्राजोल, पैंटोप्राजोल और एसोमेप्राजोल जैसी दवाएं प्रोटॉन पंप इनहिबिटर (PPI) श्रेणी में आती हैं। पेट में मौजूद ग्रंथियां खाना पचाने के लिए एसिड बनाती हैं। PPI दवाएं इस एसिड के निर्माण को कम करती हैं, जिससे जलन और गैस की समस्या में तुरंत राहत मिलती है। हैदराबाद के न्यूरोलॉजिस्ट, कहते हैं कि अक्सर मरीज बिना सलाह के महीनों या सालों तक PPI दवाएं लेने लगते हैं, जिससे कई स्वास्थ्य समस्याएं उत्पन्न होती हैं।

लंबे समय तक सेवन के पांच बड़े नुकसान

  1. हड्डियों की कमजोरी
    PPI दवाओं के लंबे उपयोग से शरीर में कैल्शियम और मैग्नीशियम का अवशोषण कम हो सकता है। यह हड्डियों को कमजोर करता है और फ्रैक्चर का जोखिम बढ़ा सकता है।
  2. विटामिन B12 की कमी
    इन गोलियों से विटामिन B12 का अवशोषण प्रभावित होता है, जो नसों और दिमाग के लिए जरूरी है। इसकी कमी से थकान, याददाश्त में समस्या और कमजोरी हो सकती है।
  3. किडनी की समस्याएं
    लगातार PPI दवाएं लेने से क्रॉनिक किडनी डिजीज का खतरा बढ़ सकता है। किडनी पर लंबे समय तक दबाव पड़ता है, जिससे स्वास्थ्य पर गंभीर असर हो सकता है।
  4. इंफेक्शन का खतरा
    पेट का एसिड सिर्फ खाना पचाने में नहीं, बल्कि हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म करने में भी मदद करता है। दवाओं से एसिड कम होने पर शरीर की प्राकृतिक सुरक्षा कमजोर हो जाती है और खतरनाक बैक्टीरिया जैसे क्लोस्ट्रीडियम डिफिसाइल से संक्रमण हो सकता है।
  5. पेट की अन्य परेशानियां
    अनियंत्रित एसिडिटी दवाओं का सेवन गैस, अपच और पेट से जुड़ी अन्य समस्याओं को बढ़ा सकता है।

क्या करें अगर रोज़ सेवन कर रहे हैं

• 2 महीने से ज्यादा समय तक रोज़ गोलियां ले रहे हैं तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
• दवा अचानक बंद न करें, डॉक्टर की निगरानी में धीरे-धीरे कमी करें।
• स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और खानपान पर ध्यान दें।

एसिडिटी से बचने के आसान उपाय

• खाना खाने के तुरंत बाद लेटें नहीं।
• तला-भुना और मसालेदार खाना कम करें।
• चाय और कॉफी सीमित मात्रा में लें।
• वजन नियंत्रण में रखें।
• देर रात खाना खाने से बचें।

विशेषज्ञों का कहना है की पेट में एसिड बनना एक प्राकृतिक और जरूरी प्रक्रिया है। बिना आवश्यकता और लंबे समय तक PPI दवाओं का सेवन सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। सही खानपान और जीवनशैली अपनाकर इस समस्या को नियंत्रण में रखा जा सकता है।

ये भी पढ़ें: दिल्ली में जलभराव से जल्द राहत! CM रेखा गुप्ता ने ड्रेनेज रीमॉडलिंग और सड़क सुधार का किया आगाज

बंगाल