होम = लाइफस्टाइल = दर्द से राहत देने वाली पेन किलर बन सकती है खतरा, किडनी और लिवर पर पड़ सकता है गंभीर असर; जानें कैसे

दर्द से राहत देने वाली पेन किलर बन सकती है खतरा, किडनी और लिवर पर पड़ सकता है गंभीर असर; जानें कैसे

Health Alert: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में सिरदर्द, कमर दर्द, जोड़ों की परेशानी या मामूली चोट होने पर पेन किलर लेना लोगों की आदत बन चुकी है। कई बार लोग डॉक्टर की सलाह के बिना ही इन दवाओं का लंबे समय तक सेवन करते रहते हैं। शुरुआत में ये दवाएं राहत जरूर देती हैं, लेकिन समय के साथ इनका असर शरीर के अंदरूनी अंगों पर दिखाई देने लगता है। खासतौर पर किडनी और लिवर पर इनका दबाव बढ़ जाता है, क्योंकि दवाओं को फिल्टर और प्रोसेस करने की जिम्मेदारी इन्हीं अंगों पर होती है।

अक्सर दर्द कम होते ही लोग यह मान लेते हैं कि पेन किलर पूरी तरह सुरक्षित हैं और उनके दुष्प्रभावों को नजरअंदाज कर देते हैं। यही लापरवाही आगे चलकर गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि पेन किलर शरीर के भीतर कैसे असर डालती हैं और किडनी व लिवर को किस तरह नुकसान पहुंचा सकती हैं।

पेन किलर से किडनी और लिवर को कैसे होता है नुकसान?

आरएमएल अस्पताल के मेडिसिन विभाग के डायरेक्टर प्रोफेसर डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, पेन किलर सूजन और दर्द को कम करने में मदद करती हैं, लेकिन लंबे समय तक इनके सेवन से किडनी की रक्त नलिकाओं पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। इससे किडनी तक पहुंचने वाला ब्लड फ्लो घट जाता है और धीरे-धीरे उसकी कार्यक्षमता कमजोर होने लगती है।

वहीं लिवर का काम शरीर में जाने वाली दवाओं को तोड़कर बाहर निकालना होता है। जब पेन किलर लगातार ली जाती हैं, तो लिवर पर अतिरिक्त बोझ पड़ता है। इससे लिवर की कोशिकाओं को नुकसान पहुंच सकता है। कुछ मामलों में लिवर में सूजन, फैटी लिवर या लिवर एंजाइम बढ़ने जैसी समस्याएं भी सामने आती हैं। जिन लोगों को पहले से किडनी या लिवर से जुड़ी बीमारी होती है, उनके लिए यह खतरा और ज्यादा बढ़ जाता है।

किडनी और लिवर खराब होने के संकेत

अगर पेन किलर का असर किडनी या लिवर पर पड़ने लगे, तो शरीर कुछ संकेत देने लगता है। किडनी से जुड़ी परेशानी में बार-बार थकान महसूस होना, चेहरे या पैरों में सूजन, पेशाब की मात्रा कम होना या उसके रंग में बदलाव शामिल हो सकता है।

लिवर से संबंधित दिक्कत होने पर भूख न लगना, उलटी जैसा महसूस होना, पेट के ऊपरी हिस्से में दर्द, आंखों या त्वचा का पीला पड़ना जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। कई बार बिना तेज दर्द के भी अंदरूनी नुकसान होता रहता है, इसलिए हल्के लक्षणों को भी नजरअंदाज करना खतरनाक हो सकता है।

पेन किलर से होने वाले नुकसान से कैसे बचें?

बिना डॉक्टर की सलाह के पेन किलर न लें

लंबे समय तक लगातार सेवन करने से बचें

दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं

पहले से किसी बीमारी की स्थिति में डॉक्टर को जरूर बताएं

समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराते रहें

ये भी पढ़ें: सर्दियों में कम पीते हैं पानी, तो चाय-कॉफी नहीं ये उपाय रखेंगे शरीर को हाइड्रेट