Fruit Long Storage Tips: सर्दियों का मौसम आते ही ज्यादातर लोग यह मान लेते हैं कि फल और सब्जियां लंबे समय तक ताज़ा रहेंगी। इसी भरोसे कई बार एक साथ ज्यादा खरीदारी कर ली जाती है। हालांकि यह धारणा हर बार सही नहीं साबित होती। खासकर संतरा, मौसमी और नींबू जैसे खट्टे फल ठंड के मौसम में भी तेजी से खराब होने लगते हैं। गलत स्टोरेज, नमी और एथिलीन गैस इसके पीछे की बड़ी वजहें मानी जाती हैं। अगर सही तरीके अपनाए जाएं, तो इन फलों की शेल्फ लाइफ को काफी हद तक बढ़ाया जा सकता है।
सर्दियों में भी क्यों खराब हो जाते हैं फल?
अक्सर देखा गया है कि सर्दियों में खरीदे गए खट्टे फल दो-तीन दिन में ही अपनी चमक खोने लगते हैं। छिलका मुरझा जाता है और कई बार उस पर सफेद या हरी फफूंदी भी दिखने लगती है। ऐसे फल न तो खाने लायक रह जाते हैं और न ही लंबे समय तक स्टोर किए जा सकते हैं। इससे न सिर्फ पैसे की बर्बादी होती है, बल्कि खाने की चीजों की फिजूलखर्ची भी बढ़ती है।
विशेषज्ञों के मुताबिक, फलों के जल्दी खराब होने की एक अहम वजह एथिलीन गैस है। केला, सेब और नाशपाती जैसे फल यह गैस छोड़ते हैं, जिससे पास में रखे दूसरे फल तेजी से पकने और सड़ने लगते हैं। हालांकि संतरा, नींबू और मौसमी खुद एथिलीन नहीं बनाते, लेकिन इसके असर से ये जल्दी खराब हो जाते हैं। इसलिए इन्हें सही फलों से अलग रखना बेहद जरूरी है।
फलों को अलग-अलग रखना है जरूरी
गृहिणी शारदा देवी बताती हैं कि सर्दियों में फलों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने का सबसे आसान तरीका है—हर किस्म के फल को अलग रखना। केला और सेब जैसे फल अगर खट्टे फलों के साथ रख दिए जाएं, तो वे उनकी ताज़गी जल्दी खत्म कर देते हैं। इसलिए बेहतर है कि खट्टे और मीठे फलों को अलग-अलग टोकरी या बास्केट में रखा जाए।
बंद डिब्बों से बचें, हवा का रखें ध्यान
कई लोग फलों को पॉलीथिन बैग या बंद डिब्बों में रख देते हैं, जिससे नमी जमा हो जाती है। यही नमी सड़न और फफूंदी को बढ़ावा देती है। विशेषज्ञों की सलाह है कि फलों को हमेशा खुली टोकरी या जालीदार बास्केट में रखें, ताकि हवा का सही संचार बना रहे और नमी इकट्ठा न हो।
तेल और पानी को लेकर बरतें सावधानी
शारदा देवी के अनुसार, संतरा और नींबू जैसे फलों पर हल्का सा खाने का तेल लगाने से उनकी बाहरी सतह सुरक्षित रहती है और नमी संतुलित बनी रहती है। इससे फल ज्यादा समय तक फ्रेश दिखते हैं। वहीं एक आम गलती यह भी है कि लोग फलों को स्टोर करने से पहले धो देते हैं। ऐसा करने से फल गीले रह जाते हैं, जिससे सड़ने की प्रक्रिया तेज हो जाती है। बेहतर यही है कि फलों को बिना धोए रखें और खाने से ठीक पहले ही साफ पानी से धोएं।
छोटे उपाय, बड़ा फायदा
अगर सर्दियों में फलों को सही तरीके से रखा जाए, तो उनकी ताज़गी कई दिनों तक बनी रह सकती है। अलग-अलग फलों को अलग रखना, खुली जगह में स्टोर करना, नमी से बचाव और सही समय पर धोना, ये छोटे-छोटे उपाय न सिर्फ पैसे बचाते हैं, बल्कि खाने की बर्बादी भी रोकते हैं। इन आसान टिप्स को अपनाकर आप सर्दियों में भी अपने पसंदीदा फलों का लंबे समय तक आनंद ले सकते हैं।
ये भी पढ़ें: चलती बस में ड्राइवर को आया हार्ट अटैक, आखिरी सांस तक 18 यात्रियों की बचाई जान; जानें कैसे

