Milk with Jaggery Benefits: सर्दियों में गुड़ का इस्तेमाल लगभग हर घर में होता है। इसे कभी खाने के बाद खाया जाता है तो कभी चाय में मिलाकर। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर गुड़ और दूध को साथ में लिया जाए तो इसके फायदे कई गुना बढ़ जाते हैं? गुड़ में आयरन, पोटैशियम, मैग्नीशियम और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर होते हैं, वहीं दूध प्रोटीन और कैल्शियम का बेहतरीन स्रोत है। दोनों को मिलाकर पिया जाए तो यह शरीर के लिए एक सुपर हेल्दी ड्रिंक बन जाती है।
1. इम्यूनिटी को करता है मजबूत
गुड़ में जिंक, सेलेनियम और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाते हैं। दूध के साथ गुड़ लेने से यह ड्रिंक एक शक्तिशाली इम्यूनिटी बूस्टर बन जाती है, खासकर सर्दियों में।
2. पाचन तंत्र को बनाता है बेहतर
गुड़ पाचन एंजाइम को एक्टिव करता है जिससे खाना आसानी से पचता है। दूध के साथ गुड़ पीने से कब्ज की समस्या दूर होती है और पेट हल्का महसूस होता है। गुड़ में मौजूद पोटैशियम इलेक्ट्रोलाइट्स और मेटाबॉलिज्म को बैलेंस रखता है, जिससे वजन कंट्रोल में भी मदद मिलती है।
3. हड्डियों को बनाता है मजबूत
दूध कैल्शियम से भरपूर होता है, जो हड्डियों के लिए बहुत जरूरी है। गुड़ के साथ दूध लेने पर हड्डियों की मजबूती और बोन डेंसिटी दोनों बढ़ती हैं। हड्डियों के दर्द या कमजोरी से परेशान लोगों के लिए यह बहुत फायदेमंद माना जाता है।
4. एनीमिया में लाभकारी
गुड़ आयरन का बेहतरीन स्रोत है। यह हीमोग्लोबिन बढ़ाने में मदद करता है। जिन लोगों में खून की कमी है, उनके लिए दूध और गुड़ का नियमित सेवन काफी लाभदायक साबित हो सकता है। इससे एनीमिया का खतरा भी कम होता है।
कब करना चाहिए दूध और गुड़ का सेवन?
दूध के साथ गुड़ का सेवन रात में सोने से पहले करना सबसे अच्छा माना जाता है। इससे इम्यूनिटी बढ़ती है, शरीर को गर्माहट मिलती है और नींद भी बेहतर आती है। हालांकि, यदि आपको किसी तरह की एलर्जी या कोई बीमारी है तो सेवन से पहले डॉक्टर से सलाह जरूर लें।

