Uttarakhand Weather: उत्तराखंड में खराब मौसम ने चारधाम यात्रा पर बड़ा असर डाला है। लगातार बारिश और प्रतिकूल मौसम के बीच केदारनाथ धाम में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि सुरक्षा कारणों से यात्रा मार्ग पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में आपदा जैसी स्थिति बनी हुई है। सबसे चिंताजनक हालात रुद्रप्रयाग जिले में सामने आए, जहां एक ही दिन में तीन श्रद्धालुओं ने स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के चलते दम तोड़ दिया। घटना के बाद प्रशासन अलर्ट मोड में है और यात्रियों से सावधानी बरतने की अपील की गई है। जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग ने मौसम विभाग के ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए यात्रियों को आगे जाने से रोक दिया है।
चारधाम यात्रा में अब तक 26 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (SEOC) के आंकड़ों के अनुसार, इस सीजन में अब तक 26.91 लाख से अधिक श्रद्धालु चारधाम यात्रा कर चुके हैं। इनमें केदारनाथ में 10 लाख से ज्यादा, बदरीनाथ में 7.51 लाख, यमुनोत्री में 4.47 लाख और गंगोत्री में 4.58 लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। वहीं, यात्रा सीजन के दौरान अब तक 138 लोगों के मौत या लापता होने की सूचना दर्ज की गई है, जिससे प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।
5 जून तक मौसम रहेगा खराब
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) देहरादून ने पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी, जबकि कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश, आकाशीय बिजली, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलने की संभावना है। देहरादून, टिहरी, नैनीताल, चंपावत, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में भारी बारिश का भी अनुमान जताया गया है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 24 घंटों में तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है, जबकि 5 जून तक पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम खराब बना रहने की आशंका है।

