PM Modi UP Visit: उत्तर प्रदेश में एक और बड़ी विकास परियोजना की शुरुआत होने जा रही है। 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई जिले के मल्लावां से गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन करेंगे। करीब 594 किलोमीटर लंबा यह एक्सप्रेसवे राज्य का सबसे लंबा एक्सप्रेसवे माना जा रहा है, जो मेरठ से प्रयागराज तक फैला है और 12 जिलों को आपस में जोड़ेगा।
इस एक्सप्रेसवे के चालू होने से यात्रा समय में बड़ा बदलाव आएगा। लखनऊ से मेरठ तक का सफर अब लगभग 6 से 8 घंटे में पूरा किया जा सकेगा। इससे प्रदेश में कनेक्टिविटी मजबूत होगी और लोगों को तेज व सुगम यात्रा का लाभ मिलेगा।
सीएम योगी ने किया तैयारियों का निरीक्षण
उद्घाटन से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरदोई के मल्लावां पहुंचकर कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। उन्होंने मंच, पंडाल, सुरक्षा व्यवस्था, वीआईपी बैठने और आम जनता के इंतजामों की बारीकी से समीक्षा की। साथ ही अधिकारियों के साथ बैठक कर सभी तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
एक्सप्रेसवे नेटवर्क को मिलेगी मजबूती
गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने के साथ ही उत्तर प्रदेश का एक्सप्रेसवे नेटवर्क और मजबूत होगा। इससे पहले Purvanchal Expressway और Bundelkhand Expressway का निर्माण हो चुका है, जबकि लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे अंतिम चरण में है। इन परियोजनाओं के चलते प्रदेश को ‘एक्सप्रेसवे स्टेट’ के रूप में पहचान मिल रही है।
विकास और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि गंगा एक्सप्रेसवे प्रदेश के विकास को नई दिशा देगा। इससे व्यापार, उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे। साथ ही, प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों के बीच तेज संपर्क स्थापित होगा।
इस परियोजना के शुरू होने के बाद न सिर्फ यात्रा आसान होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी। गंगा एक्सप्रेसवे को उत्तर प्रदेश के इंफ्रास्ट्रक्चर विकास में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
ये भी पढ़ें: Summers Skin Care Tips: गर्मियों में स्किन के लिए अपनाएं ये घरेलू स्क्रब, मिलेगा नैचुरल ग्लो

