होम = Breaking = यूपी और हरियाणा में सेना की जासूसी करने वालों की हुई गिरफ्तारी, वॉट्सऐप पर पाकिस्तान फोटो भेजने पर मिलते थे ₹6000

यूपी और हरियाणा में सेना की जासूसी करने वालों की हुई गिरफ्तारी, वॉट्सऐप पर पाकिस्तान फोटो भेजने पर मिलते थे ₹6000

Pak Spy Gang Member Arrested: सेना की जासूसी और उनकी फोटो लेने के आरोप में पुलिस ने छापेमारी कर 2 आरोपी और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, हरियाणा के फरीदाबाद में पाकिस्तान के लिए जासूसी करने वाले गैंग के मेंबर नौशाद अली उर्फ लालू को गाजियाबाद पुलिस ने गिरफ्तार किया है जबकि उत्तर प्रदेश के जिला मथुरा के ओरंगाबाद सदर थाना क्षेत्र से मीरा नामक युवती को गिरफ्तार किया गया है। मामले में संदिग्ध के आधार पर पुलिस ने एक नाबालिग को भी पकड़ा है। तीनों ने पूछताछ में बताया है कि मेरठ के सुहेल ने ग्रुप में जोड़ा था।

पंक्चर की दुकान चलाता है नौशाद

फरीदाबाद के नचौली गांव में नौशाद पिछले 3 महीने से पंक्चर की दुकान चला रहा था। वह रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों के फोटो व वीडियो बनाता था और उसे वॉट्सऐप ग्रुप के जरिए पाकिस्तान भेजता। इसके बदले में उसे हर फोटो पर 6 हजार रुपए तक मिलते थे। रिपोर्ट के मुताबिक, नौशाद बिहार के मुजफ्फरपुर थाना काटी क्षेत्र निवासी है।

मीरा का काम अन्य लड़कियों को नेटवर्क में शामिल करना था

रिपोर्ट के मुताबिक, 28 वर्षीय मीरा की गिरफ्तारी यूपी के मथुरा में हुई है। मीरा का काम अपनी जैसी लड़कियों को नेटवर्क में शामिल कर ऑपरेशन को अंजाम देना था। मीरा का अपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है और वह हथियार तस्करी में भी शामिल रही है। पुलिस ने बताया कि उसका काम नेटवर्क के प्रभावी ढंग से काम करने के लिए रणनीति बनाने का था। मामले में एक 17 वर्षीय नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।

गाजियाबाद पुलिस का दावा- कैमरों का एक्सेस पाकिस्तान में

गाजियाबाद पुलिस की जांच में मालूम चला है कि आरोपियों द्वारा रेलवे स्टेशन और सुरक्षा बलों के ठिकानों के पास कैमरे लगाए थे। इन कैमरों का एक्सेस पाकिस्तान में था। इस गैंग का देशभर में करीब 50 सोलर कैमरे लगाने का प्‍लान था। दिल्ली-हरियाणा के रेलवे स्टेशनों पर कैमरे लगा भी दिए थे। पुलिस ने दोनों स्थानों के कैमरे रिकवर करते हुए जांच शुरू कर दी है। इन कैमरों को फोरेंसिक लैब भेजा जाएगा। दिल्ली और सोनीपत में लगाए गए कैमरों का एक्सेस पाकिस्तान में था।

मामले में सरगना समेत 22 की हो चुकी गिरफ्तारी

मामले को लेकर डीसीपी सिटी धवल जायसवाल ने बताया कि अभी तक इसमें गैंग के सरगना मेरठ के सुहेल सहित 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। जांच में गैंग से जुड़े 10 से अधिक सोशल मीडिया ग्रुप मिले, हरेक ग्रुप में 60-80 सदस्य हैं। अब तक गैंग में 15 लोगों को भर्ती किया था। अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ये भी पढ़ें: पाकिस्तान के लिए जासूसी कर रहा एयरफोर्स का कार्मी हुआ गिरफ्तार, असम के चबुआ एयरफोर्स स्टेशन में था तैनात