KKR vs LSG Match: कोलकाता नाइट राइडर्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए आईपीएल 2026 के बेहद रोमांचक मुकाबले में फैंस को पूरा पैसा वसूल ड्रामा देखने को मिला। बीते दिन रविवार को लखनऊ में खेले गए इस मैच का फैसला सुपर ओवर तक पहुंचा, जहां केकेआर ने बाजी मार ली। इस जीत के हीरो रहे टीम के उपकप्तान रिंकू सिंह, जिन्होंने बल्ले और फील्डिंग दोनों से शानदार प्रदर्शन किया और ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुने गए। उन्होंने 83 रनों की नाबाद पारी खेली और फील्डिंग में 5 अहम कैच भी पकड़े, जिसमें सुपर ओवर का एक कैच मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ।
कैच बना KKR के लिए मैच का टर्निंग पॉइंट
मैच बराबरी पर खत्म होने के बाद मुकाबला सुपर ओवर में पहुंचा, जहां लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से निकोलस पूरन और एडेन मार्कराम बल्लेबाजी करने उतरे। वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से गेंदबाजी की जिम्मेदारी सुनील नारायण ने संभाली। नारायण की पहली ही गेंद पर पूरन बोल्ड हो गए, जिसके बाद ऋषभ पंत ने सिंगल लेकर स्ट्राइक मार्कराम को दिया। मार्कराम ने तीसरी गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन सीमारेखा पर खड़े रोवमन पॉवेल ने शानदार कैच लपका। संतुलन बिगड़ने पर उन्होंने गेंद को रिंकू सिंह की ओर उछाल दिया, जहां उपकप्तान रिंकू सिंह ने बिना कोई गलती किए कैच पूरा किया और पॉवेल–रिंकू की बेहतरीन जुगलबंदी से मार्कराम को आउट कर दिया गया।
रिंकू सिंह ने मैच में की शानदार बल्लेबाजी
परिणाम यह रहा कि इस शानदार कैच के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को सिर्फ 1 रन के स्कोर पर रोक दिया। इसके बाद जीत के लिए मिले 2 रनों के लक्ष्य को केकेआर ने पहली ही गेंद पर हासिल कर लिया। बल्लेबाजी के लिए रिंकू सिंह के साथ रोवमन पॉवेल उतरे, जहां रिंकू सिंह ने पहली ही गेंद पर चौका लगाकर टीम को रोमांचक जीत दिला दी।

