PM Modi MP Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 6 जून को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवाड़ा दौरे पर आ सकते हैं. प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री यहां एनटीपीसी सुपर थर्मल पावर स्टेशन की विस्तार परियोजना की आधारशिला रख सकते हैं. इस परियोजना को प्रदेश के ऊर्जा क्षेत्र के लिए बेहद अहम माना जा रहा है.
1600 मेगावाट की नई यूनिट्स लगाने की तैयारी
गाडरवाड़ा सुपर थर्मल पावर स्टेशन के विस्तार के तहत दो नई इकाइयों की स्थापना प्रस्तावित है. इन दोनों यूनिट्स की कुल क्षमता 1600 मेगावाट (2×800 मेगावाट) होगी. परियोजना पूरी होने के बाद प्रदेश में बिजली उत्पादन क्षमता में बड़ा इजाफा होने की उम्मीद है. बताया जा रहा है कि इससे औद्योगिक और घरेलू बिजली जरूरतों को पूरा करने में मदद मिलेगी, साथ ही बिजली आपूर्ति व्यवस्था भी मजबूत होगी.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने किया था आग्रह
सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने हाल ही में नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी. इस दौरान उन्होंने गाडरवाड़ा परियोजना के भूमिपूजन कार्यक्रम में शामिल होने का अनुरोध किया था. इसके बाद प्रधानमंत्री के संभावित दौरे को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं.
रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को मिलेगा बढ़ावा
इस परियोजना से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होने की संभावना जताई जा रही है. साथ ही क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की उम्मीद है.
सरकार का मानना है कि परियोजना के शुरू होने से आसपास के क्षेत्रों में विकास कार्यों को भी मजबूती मिलेगी और ऊर्जा क्षेत्र में मध्य प्रदेश की स्थिति और मजबूत होगी.
ये भी पढ़ें: Iran-US Tension: अमेरिका ने फिर किया ईरान पर हमला, बंदर अब्बास में गूंजे धमाके

