होम = Breaking = NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में CBI की बड़ी कार्रवाई, दो और आरोपी गिरफ्तार

Central Bureau of Investigation ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इस मामले में अब तक देश के कई शहरों से कुल 13 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. सीबीआई लगातार मामले की जांच में जुटी हुई है और पेपर लीक नेटवर्क की कड़ियां खंगाल रही है.

कई राज्यों में फैला था पेपर लीक नेटवर्क

सीबीआई के मुताबिक दिल्ली, जयपुर, गुरुग्राम, नासिक, पुणे, लातूर और अहिल्यानगर समेत कई शहरों में छापेमारी और जांच की गई है. एजेंसी अब तक 49 स्थानों पर तलाशी अभियान चला चुकी है, जहां से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज, लैपटॉप और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.

कोचिंग सेंटर से जुड़े लोगों पर शिकंजा

जांच एजेंसी ने लातूर निवासी डॉ. मनोज शिरुरे को भी गिरफ्तार किया है. आरोप है कि उन्होंने एक कोचिंग सेंटर संचालक के बेटे समेत तीन छात्रों को रसायन विज्ञान के प्रश्न उपलब्ध कराने में अहम भूमिका निभाई थी.

वहीं दूसरा आरोपी तेजस हर्षदकुमार शाह पुणे स्थित डॉ. अभंग प्रभु मेडिकल एकेडमी में फिजिक्स फैकल्टी के तौर पर कार्यरत है. सीबीआई के अनुसार उसे लीक हुए फिजिक्स के प्रश्न पहले से गिरफ्तार आरोपी मनीषा हवलदार से मिले थे.

परीक्षा रद्द होने के बाद बढ़ा विवाद

मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए आयोजित NEET-UG 2026 परीक्षा इस महीने 3 तारीख को आयोजित हुई थी. परीक्षा के बाद पेपर लीक के आरोप सामने आने पर विवाद बढ़ गया था, जिसके बाद परीक्षा को रद्द कर दिया गया.

लगातार जांच में जुटी CBI

सीबीआई अब पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि पेपर लीक में और कौन-कौन लोग शामिल थे. एजेंसी का कहना है कि जांच जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं.