NEET UG 2026 Paper Leak Case: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में जांच लगातार तेज होती जा रही है। अब इस मामले में एक नया लिंक सामने आया है, जिसने जांच एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। ताजा जानकारी के मुताबिक, इस पूरे मामले का कनेक्शन महाराष्ट्र के नासिक से जुड़ता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने इंदिरानगर इलाके से एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे राजस्थान पुलिस और अन्य एजेंसियां पूछताछ कर रही हैं।
NTA ने परीक्षा रद्द की, CBI को सौंपी जांच
पेपर लीक विवाद बढ़ने के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा को रद्द करने का फैसला लिया है। एजेंसी ने स्पष्ट किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केस अब CBI को सौंपा जाएगा। साथ ही छात्रों के भविष्य को देखते हुए परीक्षा दोबारा आयोजित कराने की तैयारी भी शुरू कर दी गई है।
जांच में सामने आया केरल कनेक्शन
प्रारंभिक जांच में इस मामले का मुख्य लिंक केरल से जुड़ा बताया जा रहा है। राजस्थान पुलिस की स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (SOG) को जांच के दौरान जानकारी मिली कि चुरू का एक छात्र, जो केरल में MBBS की पढ़ाई कर रहा है, कथित तौर पर सीकर के एक पीजी संचालक के संपर्क में था। जांच एजेंसियों को शक है कि इसी नेटवर्क के जरिए प्रश्नपत्र से जुड़ी जानकारी बाहर पहुंचाई गई।
कई राज्यों तक फैले हो सकते हैं तार
अब तक की जांच में राजस्थान, उत्तराखंड और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों के नाम सामने आ चुके हैं। देहरादून से भी कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। अधिकारियों का मानना है कि CBI जांच के बाद इस नेटवर्क के और बड़े खुलासे हो सकते हैं तथा कई राज्यों में फैले कनेक्शन सामने आ सकते हैं।
जून में दोबारा हो सकती है परीक्षा
NEET UG 2026 परीक्षा का आयोजन 3 मई को हुआ था, जबकि 6 मई को प्रोविजनल आंसर-की जारी की गई थी। इसी बीच पेपर लीक की खबरें सामने आने के बाद परीक्षा रद्द करनी पड़ी। अब दोबारा परीक्षा जून महीने में कराए जाने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल CUET UG 2026 परीक्षाएं 30 मई तक चल रही हैं, ऐसे में दोनों परीक्षाओं का एक साथ आयोजन मुश्किल माना जा रहा है। इसी कारण जून में नए सिरे से NEET UG परीक्षा कराए जाने की तैयारी की जा सकती है।
येेे भी पढ़ें: तमिलनाडु में नई सरकार का बड़ा फैसला, पूजा स्थलों और स्कूलों के पास बंद होंगी शराब की दुकानें

