Siddaramaiah Resignation: कर्नाटक की राजनीति में लंबे समय से चल रहा मुख्यमंत्री पद का सस्पेंस आखिरकार खत्म होता नजर आ रहा है। सूत्रों के मुताबिक, मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार की दोपहर 3 बजे राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। इसके बाद उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के नए मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ माना जा रहा है। इससे पहले बेंगलुरु स्थित मुख्यमंत्री आवास पर हुई ब्रेकफास्ट मीटिंग में दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाया। इस दौरान डीके शिवकुमार ने सिद्धारमैया के पैर छूकर सम्मान जताया, जिसकी तस्वीरें अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बनी हुई हैं।
राज्यपाल के बेंगलुरु छोड़ने से बढ़ीं सियासी अटकलें
कर्नाटक में मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के संभावित इस्तीफे को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच राज्यपाल थावरचंद गहलोत के बेंगलुरु से बाहर जाने की खबर ने राजनीतिक चर्चाओं को और हवा दे दी है। हालांकि, कांग्रेस सूत्रों का कहना है कि राज्यपाल की गैरमौजूदगी से इस्तीफा प्रक्रिया पर कोई असर नहीं पड़ेगा और सिद्धारमैया तय कार्यक्रम के अनुसार गुरुवार दोपहर 3 बजे अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं। पार्टी के भीतर नेतृत्व परिवर्तन को लेकर तैयारियां लगभग पूरी मानी जा रही हैं।

