Assam Plane Crash: भारतीय वायुसेना (IAF) का एक AN-32 परिवहन विमान शनिवार को असम के जोरहाट एयरबेस पर लैंडिंग के तुरंत बाद हादसे का शिकार हो गया। जानकारी के अनुसार, विमान सुरक्षित रूप से रनवे पर उतर गया था, लेकिन इसके बाद उसमें अचानक आग लग गई। घटना के बाद एयरबेस पर मौजूद बचाव दल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया।
पायलट के हताहत होने की आशंका
हादसे के बाद सामने आई जानकारियों में पायलट के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, भारतीय वायुसेना ने अभी तक किसी भी जानहानी की पुष्टि नहीं की है। अधिकारियों की ओर से और जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
बचाव कार्य जारी, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही वायुसेना और बचाव दल मौके पर पहुंच गए। राहत और बचाव अभियान लगातार चलाया जा रहा है। साथ ही दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच भी शुरू कर दी गई है। वायुसेना का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे की सही वजह सामने आ सकेगी।
सैनिकों और सामान की ढुलाई में काम आता है AN-32
AN-32 भारतीय वायुसेना का एक महत्वपूर्ण परिवहन विमान है। इसका इस्तेमाल सैनिकों, फौज के सामान और जरूरी राहत सामग्री को एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचाने के लिए किया जाता है। यह विमान खास तौर पर पहाड़ी और दुर्गम इलाकों में उड़ान भरने की क्षमता के लिए जाना जाता है।

