होम = Breaking = जंगलों में चल रहा था गांजा नेटवर्क, महासमुंद पुलिस ने ओडिशा पहुंचकर दबोचा सप्लायर

जंगलों में चल रहा था गांजा नेटवर्क, महासमुंद पुलिस ने ओडिशा पहुंचकर दबोचा सप्लायर

महासमुंद पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले में कार्रवाई करते हुए ओडिशा के मलकानगिरी जिले से मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी जंगलों और पहाड़ी इलाकों में सक्रिय नेटवर्क के जरिए गांजा सप्लाई करता था। इस मामले में पहले भी तीन आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जानकारी के मुताबिक, महासमुंद जिले की कोमाखान पुलिस ने 30 मार्च 2026 को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 200 किलो गांजा जब्त किया था। पुलिस ने बताया कि तस्कर डिजायर कार के जरिए गांजा ले जा रहे थे और दूसरी कार से पायलटिंग कर पूरे रूट की निगरानी की जा रही थी। जब्त गांजे की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने पहले परिवहन और पायलटिंग में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि गांजा ओडिशा के मलकानगिरी जिले से लाकर उत्तर प्रदेश में सप्लाई किया जाना था।

इसी कड़ी में पुलिस ने 14 मई 2026 को मलकानगिरी जिले के चित्रकोंडा क्षेत्र के ईश्वरगुड़ा गांव से मुख्य सप्लायर बाबुला मुदली को गिरफ्तार किया। आरोपी की उम्र 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार वह लंबे समय से गांजा नेटवर्क से जुड़ा हुआ था।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मलकानगिरी के घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों में बड़े पैमाने पर अवैध गांजे की खेती की जाती है। इसी नेटवर्क को तोड़ने के लिए महासमुंद पुलिस ने ओडिशा पहुंचकर कार्रवाई की है।

महासमुंद पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में बड़ी सफलता माना जा रहा है। अधिकारियों के मुताबिक पुलिस अब केवल तस्करों को पकड़ने तक सीमित नहीं है, बल्कि नेटवर्क की जड़ तक पहुंचकर कार्रवाई कर रही है। लगातार गिरफ्तारी के चलते जेलों में भी आरोपियों की संख्या तेजी से बढ़ रही है।

इस मामले में गिरफ्तार मुख्य आरोपी बाबुला मुदली निवासी ईश्वरगुड़ा थाना चित्रकोंडा जिला मलकानगिरी, ओडिशा का रहने वाला है।

वहीं इससे पहले गिरफ्तार किए गए आरोपियों में उत्तर प्रदेश के औरैया निवासी युवराज नायक, कन्नौज निवासी केशव दयाल और मैनपुरी निवासी राहुल अग्निहोत्री शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक राहुल अग्निहोत्री तस्करी के दौरान पायलटिंग का काम कर रहा था।

ये भी पढ़ें: NEET-UG 2026 Paper Leak: सीकर से खुला बड़ा नेटवर्क, SOG और CBI की जांच तेज