Iran Attack On DUbai: इजराइल और अमेरिका की ओर से ईरान पर की गई संयुक्त कार्रवाई के बाद क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया। इसके जवाब में ईरान द्वारा दुबई समेत कुछ अन्य स्थानों को निशाना बनाने की खबरों के बीच कई देशों ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया। इसी कारण दुबई एयरपोर्ट पर उड़ानों को रद्द करना पड़ा, जिससे बड़ी संख्या में यात्री प्रभावित हुए।
दुबई से मुंबई पहुंची विशेष उड़ान
तनावपूर्ण हालात के बीच दुबई में फंसे यात्रियों को निकालने की कोशिशें जारी रहीं। इसी क्रम में मंगलवार (3 मार्च) देर रात करीब दो बजे दुबई से एक विमान मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पर उतरा। इस फ्लाइट से लौटे यात्रियों ने वहां की भयावह स्थिति साझा की।
टेकऑफ से पहले मिली युद्ध की सूचना
मुंबई निवासी यात्री अजय ने मीडिया से बातचीत में बताया कि वह मुंबई से हैदराबाद होते हुए दुबई पहुंचे थे और वहां से उनकी अगली उड़ान अमेरिका के लिए निर्धारित थी। उन्होंने बताया कि सभी यात्री विमान में सवार हो चुके थे, लेकिन उड़ान भरने में लगातार देरी हो रही थी।
शुरुआत में तकनीकी कारण बताए गए, लेकिन 7-8 घंटे बीत जाने के बाद जानकारी मिली कि क्षेत्र में युद्ध जैसे हालात बन गए हैं, इसलिए फिलहाल उड़ान संभव नहीं है।
एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी, होटल पहुंचने में भी दिक्कत
यात्री ने बताया कि सूचना मिलते ही एयरपोर्ट पर अफरा-तफरी मच गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि यात्रियों को संभालना मुश्किल हो गया। बाद में Emirates की ओर से बसों और वाहनों की व्यवस्था कर यात्रियों को अलग-अलग होटलों में ठहराया गया।
हालांकि, होटल ढूंढने में भी काफी परेशानी हुई। अजय के मुताबिक, 10 से 12 घंटे की मशक्कत के बाद उन्हें ठहरने की जगह मिल सकी। इस दौरान उन्होंने विस्फोट जैसी आवाजें भी सुनीं और बुर्ज खलीफा के आसपास धुएं का गुबार भी देखा।
होटल से बाहर निकलने पर पाबंदी
अजय ने बताया कि सुरक्षा कारणों से होटल प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए थे कि कोई भी व्यक्ति कमरे से बाहर न निकले और खिड़कियों के पास भी न जाए। वे लोग बिना भोजन के लंबे समय तक कमरे में ही रहे। बाहर की स्थिति के बारे में उन्हें कोई स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही थी। उन्होंने कहा कि शहर में काफी घबराहट थी और बड़ी संख्या में लोग होटलों में जगह न मिलने के कारण इधर-उधर ठहरे हुए थे।
अब धीरे-धीरे सामान्य हो रहे हालात
दुबई की मौजूदा स्थिति पर अजय ने बताया कि शुरुआती दो दिन बेहद तनावपूर्ण रहे, लेकिन अब हालात धीरे-धीरे काबू में आते दिख रहे हैं। लोगों में पहले जैसी दहशत नहीं है।
मुंबई लौटने के अनुभव को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि जैसे ही उन्हें मुंबई के लिए उड़ान की जानकारी मिली, उन्होंने एयरलाइन से संपर्क किया। इसके बाद उन्हें एयरपोर्ट तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई और वे सुरक्षित भारत लौट सके।
ये भी पढ़ें: मुंबई में 2 ऑटो ड्राइवरों का चालान भरकर पंजाबी सिंगर करण औजला ने जीता लोगों का दिल, सोशल मीडिया पर हो रही है तारीफ

